दानापुर के गंगा घाट पर युवती की डूबने से मौत; नहाने के दौरान हुआ हादसा, शव की तलाश जारी
दानापुर। पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज फक्कड़ महतो घाट पर नहाने के दौरान एक युवती डूब गई। नासरीगंज आदर्श नगर निवासी रविरंजन राय की 20 वर्षीय पुत्री मुस्कान कुमारी उर्फ प्रतिमा कुमारी अपनी दादी और बहन के साथ शादी का कार्ड लेकर मां गंगा को निमंत्रण देने गई थी। उसी दरम्यान स्नान करने के दौरान गंगा के गहरे पानी में चली गई। युवती की डूबने की सूचना मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलते ही परिजन गंगा घाट पहुंचे। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना दानापुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दानापुर पुलिस के साथ ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। युवती की तलाश जारी है। इधर, मृतका के दादा बाबू नंद राय ने बताया कि 19 अप्रैल को घर में शादी थी। मुस्कान अपनी दादी और बहन के साथ मां गंगा को शादी का निमंत्रण देने आई थी। निमंत्रण देने से पहले गंगा में स्नान करने लगी। स्नान करने के दौरान अचानक गहरे पानी में चली गई। वहीं, दानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच शव की खोजबीन में जुट गई है।


