नववर्ष पर मुजफ्फरपुर के पार्कों और मंदिरों में उमड़ी भीड़, असमाजिक तत्वों से निपटने के लिए प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम
मुजफ्फरपुर। नए साल की शुरुआत के साथ ही शहरवासी पूरे जोश में है। शहर के प्रमुख पार्कों को सजाया गया है। इनमें मिठनपुरा के जुब्बा सहनी पार्क के अलावा कंपनीबाग स्थित सिटी पार्क और इंदिरा पार्क भी शामिल हैं। आज पार्कों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए मजिस्ट्रेट के साथ ही पुलिस बल की तैनाती की गई है। ऐसी स्थिति में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल, आंसू गैस दस्ता के साथ मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। नए साल का जश्न मनाने के लिए सिटी पार्क में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए सफाई, जलापूर्ति, बिजली व अन्य प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर 39 कर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें 37 कर्मियों की ड्यूटी गेट, टिकट काउंटर, पौधा संरक्षण, कैमरा टिकट, सफाई व अन्य जगहों पर रहेगी। नए साल के पहले दिन बड़ी संख्या में भक्त गरीब स्थान मंदिर में अपने अराध्य बाबा भोलेनाथ का दर्शन करने आते हैं। वहीं नये साल का पहला दिन सोमवार होने के कारण बड़ी संख्या में भक्त गरीब स्थान मंदिर पहुंचेंगे। भक्तों की बड़ी संख्या में आने की संभावना को देखते हुए कई तरह के इंतजाम किए गये हैं। मंदिर के प्रधान पुजारी बाबा विनय पाठक ने बताया कि नये साल के आगमन पर भक्तों के बड़ी संख्या में गरीब स्थान मन्दिर आने की परंपरा रही है। इसको देखते हुए मंदिर प्रबंधन की ओर से पूर्व के अनुभवों के आधार पर आवश्यक तैयारियां कर ली गयी हैं। मंदिर के गर्भगृह में पर्याप्त संख्या में पुजारी और स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। इसके अलावा जिला पुलिस-प्रशासन से पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की गयी है। अहले सुबह से ही पुलिस के जवानों और पदाधिकारियों की तैनाती मंदिर में हो गई है। इसके अतिरिक्त मंदिर की ओर से 4 निजी सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे। सुबह साढ़े चार बजे से भक्तों के लिए मंदिर का प्रवेश द्वार खुल गया है। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पंक्तियां बनाए गई है। सुबह 4 बजे आरती के बाद ही भक्तों के जलाभिषेक के लिए मुख्य गर्भगृह का पट खुल गया है।


