महाराष्ट्र के पूर्व सीएम ने थामा भाजपा का दामन, अशोक चव्हाण को राज्यसभा भेज सकती है पार्टी

मुबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे अशोक चव्हाण मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ कांग्रेस के पूर्व एमएलसी अमर राजुलकर ने भी भाजपा की सदस्यता ली। डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। चव्हाण को भाजपा राज्यसभा भेज सकती है। बताया जा रहा है कि वे कल नामांकन भी कर सकते हैं। उधर, शिवसेना (यूटीबी) सुप्रीमो उद्धव ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अगर चव्हाण को राज्यसभा भेजते हैं, तो यह कारगिल के शहीद सैनिकों का अपमान होगा। 2010 में कारगिल शहीदों के लिए मुंबई में आदर्श हाउसिंग सोसाइटी बनाई गई थी। उस समय चव्हाण महाराष्ट्र के सीएम थे। तब भाजपा समेत तमाम विरोधी पार्टियों ने चव्हाण पर इस सोसाइटी में अपने रिश्तेदारों को घर बांटने का आरोप लगाया था। चव्हाण को तब मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। भाजपा में आने से एक दिन पहले 12 फरवरी को चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था, इसके अलावा उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से भी रिजाइन कर दिया था। पार्टी छोड़ने को लेकर उन्होंने कहा था कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है। अगले दो दिन में वो आगे का फैसला लेंगे। चव्हाण ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा- आज मैं अपनी राजनीतिक करियर की एक नई यात्रा शुरू करने जा रहा हूं। मैं ‌बीजेपी में शामिल होने जा रहा हूं। मैं महाराष्ट्र भाजपा कार्यालय में डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता लूंगा। चव्हाण दिसंबर 2008 से नवंबर 2010 तक दो बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे। दिसंबर 2008 में मुंबई आतंकी हमले के बाद जब दो बार के सीएम विलासराव देशमुख को पद से हटाया गया, तब चव्हाण को मुख्यमंत्री बनाया गया। इसके बाद 2009 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस ने उन्हें दोबारा सीएम बनाया। 2010 में कारगिल शहीदों के परिजनों लिए मुंबई में बनाई गई इमारत आदर्श हाउसिंग सोसाइटी में चव्हाण के रिश्तेदारों को घर देने का आरोप लगा था। इस आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाला नाम दिया गया। इस घोटाले के सामने आने के बाद अशोक चव्हाण को मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़नी पड़ी थी। अशोक चव्हाण महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शंकरराव चव्हाण के बेटे हैं। महाराष्ट्र के इतिहास में पहली बार पिता और पुत्र दोनों ने मुख्यमंत्री पद संभाला। वे नांदेड़ से सांसद भी रह चुके हैं। वे महाराष्ट्र कांग्रेस कमेटी के महासचिव भी रह चुके हैं। वे महाराष्ट्र के संस्कृति विभाग, उद्योग, माइंस विभाग जैसी जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं।

About Post Author

You may have missed