September 17, 2025

बेगूसराय में मछुआरे की गोली मारकर हत्या, अपराधियों ने सुबह-सुबह वारदात को दिया अंजाम

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय में बुधवार सुबह बड़ी वारदात हो गई। सुबह 6:30 बजे एक मछुआरे को बाइक सवार तीन अपराधियों ने घेरकर सिर में गोली मारकर हत्या कर दी है। यह वारदात चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र की है। मृतक सुबह अपनी साइकिल पर सवार होकर मछली पकड़ने जा रहा था। तभी रास्ते में उसकी हत्या की गई। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मौके पर भारी संख्या में भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के खाजहांपुर-करोड़ गांव निवासी बतहु सहनी के 31 वर्षीय पुत्र अमीर सहनी के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक यह वारदात सुबह छौड़ाही की ओर जाने वाले रास्ते मे खाजहांपुर गांव से उत्तर यादव टोला डेरा से आगे चुहरमल बावा स्थान के पास हुई। मछुआरा अपने घर से सुबह में साइकिल पर सवार होकर कावर के पानी में फंसे जाल में मछली को छुड़ाकर लाने के लिए जा रहा था। इसी  बीच बाइक सवार अपराधियों ने उसे घेर कर रोक लिया और उसके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के पीछे जमीन विवाद बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। घटना के बाद आसपास के ईलाकों में अफरातफरी मच गई। मौके पर भारी संख्या में आसपास गांव के लोग जुट गए हैं। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।

You may have missed