September 18, 2025

बिहटा नगर परिषद वार्ड संख्या 13 की पार्षद के घर गोलीबारी, हथियार लहराते हुए मौके से फरार हुए बदमाश

पटना। बिहार में बेखौफ हो चुके बदमाश वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला राजधानी पटना से सटे बिहटा से सामने आया है, जहां बदमाशों ने पुलिस को चैलेंज करते हुए वार्ड पार्षद के घर पर चढ़कर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। सोमवार की देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बता दें कि हाल ही में पार्षद पति निलेश मुखिया की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बिहटा थाना क्षेत्र के बिहटा नगर परिषद वार्ड संख्या 13 की पार्षद पूनम देवी के घर पर चढ़कर सोमवार की रात अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने गोलीबारी की है। गोलीबारी की इस घटना में वार्ड पार्षद पूनम देवी का बेटा निखिल कुमार बाल-बाल बच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। देर रात हुई गोलीबारी की घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने ही बिहटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है। अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी के फुटेज को खंगाल रही है। बिहटा पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली भी बरामद किया है। पीड़ित महिला वार्ड पार्षद ने पुलिस से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

You may have missed