बिहार में आसमान से बरस रही आग : तापमान 40 के पार, लू जैसे बने हालात

पटना। देश में अभी गर्मी से निजात मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। तापमान लगातार बढ़ रहा है। अब इसी कड़ी में मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने जानकारी दी है कि आने वाले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क और आसमान मुख्य रूप से साफ बना रहा। बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ने लगीं है। वही बिहार में तेजी से बढ़ती गर्मी को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। शिक्षा विभाग से खास तैयारी करने की अपील की है। स्‍कूलों को मार्निंग शिफ्ट में करने और गर्मी की छुट्टी समय से पहले करने का दिशा-निर्देश दिया है।

बांका में तापमान 40 के पार, पटना में गर्मी का सितम जारी

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस बांका जिले का दर्ज किया गया। वहीं, पटना का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिहार में सबसे कम तापमान औरंगाबाद जिले में रहा। औरंगाबाद में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में पछुआ का प्रवाह समुद्रतल से 10.5 किमी ऊपर तक बना हुआ है।

शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को सुबह में संचालित करने का दिया निर्देश

वहीं, बढ़ती गर्मी को देखते हुए शिक्षा विभाग को विद्यालय सुबह की पाली में संचालित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही लू चलने पर गर्मी की छुट्टी समय से पहले करने और स्कूलों में ओआरएस की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों पर पेयजल की व्यवस्था करने, नवजात शिशु, बच्चों और महिलाओं के लिए विशेष चिकित्सकीय व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।

You may have missed