November 1, 2025

दीघा घाट पर बनेगी छठ व्रती की शानदार आकृति, बनारस के नमो घाट के तर्ज पर निर्माण, बनेगा सौंदर्य प्रतीक

पटना। बनारस के नमो घाट के तर्ज पर पटना के दीघा घाट पर 17 फीट ऊंची और 12 फीट चौड़ी छठ पर्व को लेकर व्रती की आकृति बनाई जाएगी। बुडको द्वारा यहां एक अनोखा वेस्ट टू वंडर स्कल्पचर स्थापित किया जाएगा। यह आकृति पूरी तरह से इस्तेमाल की गई चीजों से तैयार होगा। इसमें सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए जिस पारंपरिक सूप का उपयोग किया जाता है, उसी का रूप यह मूर्ति धारण करेगा। दो हाथों में थामे हुए सूप में धातु से निर्मित फल, गन्ना और अन्य प्रसाद सामग्री होगी। बुडको एमडी अनिमेष कुमार पराशर ने कहा कि यह शिल्प केवल देखने योग्य कला का नमूना ही नहीं होगा, बल्कि इसके पीछे गहरी प्रतीकात्मकता और संदेश निहित है। सूर्य की उपासना ऊर्जा, जीवन और प्रकाश के शाश्वत स्रोत को नमन करता हुआ यह शिल्प आमजनो को भी कनेक्ट करेगा। छठ महापर्व से पहले इसे पूरा किया जाएगा। बिहार की सांस्कृतिक पहचान और आस्था के महापर्व को दर्शाता यह अनूठा पर्व, जिसे यह शिल्प सार्वजनिक स्थल पर जीवंत करेगा। उन्होंने आगे कहा कि पटना के घाट पर अब बिहार की आस्था, परंपरा के संगम एक भव्य कला शिल्प के रूप में दिखाई देगा। यह शिल्प दीघा घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। यह न केवल पटना की सुंदरता और कलात्मक पहचान को नई ऊंचाई देगा, बल्कि समाज को यह भी सिखाएगा कि कला और संस्कृति के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और जिम्मेदार जीवनशैली का प्रतिक रहेगा।

You may have missed