फतुहा : धोवा, दरधा, कररुआ व भुतही नदी ने रातों-रात मचायी तबाही, कई क्षेत्रों में जलमग्न, सैकड़ों बीघा धान का फसल डूबा

फतुहा। पटना के फतुहा प्रखंड क्षेत्र में बहने वाली बरसाती नदियां धोवा, दरधा, कररुआ व भुतही नदी ने रातों-रात प्रखंड के कई क्षेत्रों में तबाही मचानी शुरू कर दी। धोवा नदी ने जहां फोरलेन से सटे नियाजपुर, बुद्धदेव चक, मोमिदपुर, बरुणा व बलवा, सोनारु, सुपनचक, भिखुआ समेत कई गांव को पूरी तरह से जलमग्न कर दिया है। वहीं मासाढी पंचायत के सौतेली, बिंदौली, बीबीपुर दौलतपुर गांव को कररुआ तथा भुतही नदी ने अपने चपेट में लेते हुए सैकड़ों बीघा धान की फसल को डूबा दिया है। इस पंचायत के गांव में सड़क भी जलमग्न हो चुका है। प्रखंड के अलावलपुर पंचायत के चमरडीहा, जमालपुर, बाकरचक गांव में दरधा नदी व पुनपुन नदी ने अच्छी खासी तबाही मचायी है।
अलावलपुर निवासी शत्रुजय कुमार ने बताया कि दरधा व पुनपुन नदी ने रिंग बांध को तोड़ दिया है तथा पंचायत के सभी गांव में लगी फसल बुरी तरह से बर्बाद हो गया है। धोवा नदी का हाल यह है कि फोरलेन से सटे फतुहा प्रखंड का दोनों तरफ का इलाका बुरी तरह चपेट में ले लिया है। इन गांवों को जाने वाली सड़कें भी जलमग्न हो चुकी है। फोरलेन के सटे सैकड़ों बीघा में लगे धान की फसल डूब चुकी है। नियाजीपुर का रास्ता भी जलमग्न हो चुका है। प्रखंड क्षेत्र में बहने वाली पुनपुन नदी भी अपने पूरे रौद्र रुप में आ चुकी है। हालांकि वह अपनी सीमा से थोड़ी सी नीचे बह रही है। गंगा का भी जलस्तर बढ़ा है। यदि पुनपुन नदी का उफान जारी रहा तो इसके तराई क्षेत्र के गांव जल्द ही बाढ़ के चपेट में आ जाएंगे। बाढ़ प्रभावित सभी गांव के लोगों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क टूट चुका है। जानकारी होते ही पटना सिटी एसडीओ मुकेश रंजन व बीडीओ धर्मवीर कुमार बाढ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जिला पार्षद सुधीर यादव, रसलपुर निवासी रवि पासवान, मासाढ़ी मुखिया राजीव कुमार व मोमिदपुर मुखिया टुनटुन यादव ने एसडीओ से बात कर प्रभावित इलाके में राहत शुरू करने की मांग की है।

About Post Author

You may have missed