फतुहा नगर परिषद की बैठक : जलजमाव व नाले का छाया रहा मुद्दा, पार्षद बोले- आंदोलन के लिए हो सकते हैं बाध्य
फतुहा। मंगलवार को नगर परिषद के सभागार भवन में मुख्य पार्षद रुपा कुमारी की अध्यक्षता में नगर परिषद की बैठक आयोजित की गई। अहम बात यह रही कि नये कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार के उपस्थिति में नगर परिषद की पहली बैठक थी। बैठक में जलजमाव व नाले की नारकीय स्थिति बनने का मुद्दा छाया रहा। वार्ड-12 के वार्ड पार्षद दीपक कुमार, वार्ड-18 के पार्षद अजय कुमार सिंह, वार्ड-26 के पार्षद संजय कुमार उर्फ बिट्टू ने घंटों इस मुद्दे को उठाए रहा तथा इसी बरसात में जलजमाव व नाले की बनी नारकीय स्थिति से हर हाल में निजात दिलाने की मांग की।
वार्ड पार्षदों ने कहा कि समय रहते यदि इन समस्याओं से शहर को निजात नहीं दिलाया गया तो पार्षद आंदोलन के लिए बाध्य हो सकते हैं। वहीं वार्ड पार्षद चंगरु प्रसाद व अवधेश प्रसाद ने शहर के अंदर खराब पड़े लाईट की भी मरम्मत कराने का मुद्दा उठाया। टेम्पो स्टैंड निर्माण में हो रही देरी का भी मुद्दा उठाया गया। शहर के अंदर लगे नो एंट्री का पालन न होने का भी मुद्दा उठाया गया। इतना ही नहीं, वार्ड पार्षदों ने पिछले कई जनहित से जुड़े संचिका के न खुलने की भी शिकायत की। साथ ही बाजार समिति के खाली पड़े जमीन पर मंडी बनाए जाने का भी प्रस्ताव लाया गया। इस मौके पर सिटी मैनेजर साकेश कुमार सिन्हा, हेड क्लर्क रंजीत कुमार के साथ-साथ वार्ड पार्षदों में संतोष चन्द्रवंशी, वीणा देवी, संगीता देवी, बेबी देवी समेत कई मौजूद थे।


