युवती ने किया सुसाइड, लोगों ने किया SH जाम; प्रेम विवाह करने के बाद रखने से किया इंकार, फोटो को डिलिट करने के एवज में मांग रहे थे 50 लाख
फतुहा। बीते शुक्रवार को पटना के फतुहा थाने के सामने गली में युवती अनिता उर्फ राधा द्वारा किए गए खुदकुशी मामले में शनिवार को नया मोड़ आ गया। पोस्टमार्टम से लौटते ही युवती के परिजनों व आक्रोशित लोगों ने शव को थाने के सामने रखकर स्टेट हाइवे को घंटों जाम कर दिया। यह जाम करीब दो घंटे तक बनी रही। लोग टायर जलाकर आगजनी भी की। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। आक्रोशित लोग मृत युवती के लिखे सुसाइड नोट के आधार पर दोषी लोगों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। पुलिस जब आरोपी लड़के के सौतेली मां को गिरफ्तार कर थाने लायी तथा दोषी लड़के को जल्द ही गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया तब जाकर आक्रोशित लोग शांत हुए तथा जाम को हटाते हुए शव को अंत्येष्टि के लिए ले गये।


मृतका अनिता कुमारी ने सुसाइड नोट में लिखा है कि आरोपी उसके साथ आठ साल से शादी करने की बात कह रहा था। जब शादी हो गई तो वह साथ में रखने से इंकार करने लगा। सुसाइड नोट में युवती ने आरोपी को एक लाख रुपये देने का भी जिक्र किया है। वहीं युवती की मां सुधा देवी ने आरोपी के साथ-साथ उसके परिजनों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी है।
किए गए शिकायत के आधार पर बताया जाता है कि युवती ने जब मुहल्ले के ही एक आरोपी से शादी कर ली तो आरोपी व उसके परिजन अपने घर में रखने से इंकार कर दिया। घर में रखने तथा कुछ फोटो को डिलिट करने के एवज में आरोपी व उसके परिजनों के द्वारा पचास लाख रुपये की मांग की जा रही थी। शिकायत पत्र में युवती के गर्भवती होने की भी बात कही गई है। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है तथा आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है। विदित हो कि बीते शुक्रवार की शाम युवती ने अपने घर में फंदे से झुलकर खुदकुशी कर ली थी।

