PATNA : सिविल कोर्ट की सुरक्षा में सेंध लगा रहा नकली दारोगा गिरफ्तार, धोखाधड़ी में पहले भी जा चुका है जेल
पटना। बेगूसराय के टाउन थाना का दारोगा बताकर सिविल कोर्ट की सुरक्षा में सेध लगा रहा नकली दारोगा पटना पुलिस के हत्थे चढ़ गया। नकली दारोगा पोस्को एक्ट में जेल गए अपने भाई से पेशी पर मिलने सिविल कोर्ट आया था। पेशी के दौरान वह सुरक्षा की गाइडलाइन को तोड़ रहा था और इस पर सिविल कोर्ट में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने आपत्ति की तो प्रभाव जमाने लगा। सिविल कोर्ट की पुलिस ने आरोपित को पकड़कर पीरबहोर थाना की पुलिस को सौंप दिया है, जांच पड़ताल की जा रही है।
पुलिस फोर्स भी सन्न रह गई
खगड़िया के सैदपुर मानसी का रहने वाला नकली दारोगा बिपिन कुमार पटना सिविल कोर्ट में खाकी टीशर्ट और फोर्स वाली पैंट पहनकर आया था। बताया जा रहा है कि उसका भाई पोस्को एक्ट में गर्दनीबाग थाना से जेल गया है। वह उससे मिलने के लिए नकली दारोगा बना था। कोर्ट में वह खुद को बेगूसराय के टाउन थाना का दारोगा बताकर सुरक्षा को तोड़ रहा था। इस पर कोर्ट में तैनात सुरक्षा जवानों को शक हुआ और उन्होंने पूछताछ करनी शुरू कर दी। पुलिस की पूछताछ में पोल खुल गई और नकली दारोगा गिरफ्त में आ गया। पूछताछ में जो जानकारी मिली उसे सुनकर कोर्ट की सुरक्षा में लगी पुलिस फोर्स भी सन्न रह गई। पुलिस ने इसकी सूचना संबंधित थाना पीरबहोर को दे दी। थाना की पुलिस ने जब पूछताछ की तो बड़ा खुलासा हुआ।
धोखाधड़ी में पहले भी जा चुका है जेल
बताया जाता है कि पकड़ा गया आरोपित बिपिन धोखाधड़ी में पहले भी पकड़ा गया है। पीरबहोर थाना की पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि कोर्ट की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ाई गई थी और इसी सख्ती से नकली दारोगा पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, बेगूसराय के टाउन थाना से लेकर अन्य थानों से उसके बारे में पूछताछ की गई, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। पता चला कि आरोपित पूरी तरह से फर्जी है। पूछताछ में आरोपित ने और कई खुलासा किया है।


