बिहार बोर्ड ने बढ़ाई इंटर एडमिशन की तिथि, ओएफएसएस से चयनित अभ्यर्थी अब 10 जुलाई तक करें नामांकन
पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से इंटर में नामांकन के लिए पहली मेरिट लिस्ट 2023 जारी कर दी गई थी। इसके आधार पर चयनित छात्रों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 3 जुलाई 2023 तक निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ा दी गई है। इसे अब बढ़ाकर 10 जुलाई 2023 तक कर दिया गया है। इस साल जो छात्र बिहार बोर्ड इंटर एडमिशन 2023 के लिए आवेदन किए थे, वो सभी आॅफिशियल वेबसाइट पर जाकर ओएफएसएस बिहार प्रथम मेरिट सूची 2023 देख सकते हैं। इसके लिए छात्रों को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त पासवर्ड की मदद से लॉग-इन करना होगा। इसके आधार पर छात्र चयनित स्कूल/कॉलेज में बिहार बोर्ड इंटर एडमिशन ले सकते हैं। इस साल बिहार बोर्ड 11वीं में दाखिले के लिए सीटों की संख्या 23 लाख से ज्यादा है। बिहार बोर्ड इंटर एडमिशन 2023 के लिए आवेदन प्रक्रिया 17 मई 2023 को शुरू हुई थी। आवेदन के लिए 17 जून 2023 तक का समय दिया गया था। वही बिहार बोर्ड के छात्र का एडमिशन ओएफएसएस पोर्टल पर प्रधानाचार्य द्वारा 10 जुलाई तक आॅनलाइन अपडेट नहीं किया जाता है तो बिहार बोर्ड की तरफ से यह माना जाएगा कि संबंधित छात्र अपने स्कूल/कॉलेज में दाखिला के लिए उपस्थित नहीं हुआ है। शेष बची सीटों को खाली मानते हुए प्रवेश के लिए दूसरी और तीसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी जाएगी। बिहार बोर्ड ने कॉलेजों को एडमिशन के बाद ओएफएसएस पोर्टल पर एडमिशन सूची अपलोड करने का निर्देश दिया है। लापरवाही बरतने पर संबंधित संस्थान के प्रधानाचार्य के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।


