होली से पहले ही बिहार गर्मी का बढ़ा पारा, 24 घंटे में 2 तापमान बढ़ा, बांका जिला सबसे गर्म

पटना। मौसम पूर्वानुमानों के मुताबिक बिहार में अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। पिछले 24 घंटे में पूरे सूबे में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी से गर्मी बढ़ी है। दोपहर में पटना सहित कई जिलों में गर्मी की वजह से लोग पसीने से तरबतर रहे और घरों में एसी पंखे घनघनाते रहे। हालांकि मौसमविदों के मुताबिक अभी भी सतह से 1.3 किमी ऊपर तक पछुआ और दक्षिणी पछुआ हवाओं के दस से 12 किमी प्रवाह होने से अभी थोड़ी राहत है। अगले एक डेढ़ हफ्ते में धीरे-धीरे हवा की रफ्तार कम होगी और यही पछुआ गर्म होकर लू में तब्दील होने लगेगी। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मौसम की स्थिति इसी तरह बने रहने के आसार जताये हैं। सोमवार को सूबे में सबसे अधिक गर्म बांका रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा बक्सर में 34.8 डिग्री जबकि सुपौल, वाल्मीकिनगर, अररिया में 34.2 डिग्री दर्ज किया गया।

पटना में भी सोमवार को पारा 33 डिग्री के पार पहुंच गया और अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 33.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सामान्य से दो डिग्री अधिक पारा होने की वजह से लोग गर्मी से परेशान रहे। खासकर जाम से जूझते इलाकों में परेशानी बढ़ी है। सोमवार को गया का अधिकतम तापमान दशमलव डिग्री ऊपर चढ़ा और 32.6 डिग्री रहा। अन्य शहरों में भागलपुर में दशमलव 3 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 34.9 डिग्री रहा जबकि पूर्णिया में दशमलव पांच डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 33.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सुबह के समय हवा की कनकनी पूरी तरह खत्म हो गई है। अररिया में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक पहुंच गया है। पटना का न्यूनतम पारा 16.8 डिग्री, सारण का न्यूनतम पारा 19.8 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 19.4 डिग्री, भागलपुर में 19 डिग्री, कटिहार में 19.1 डिग्री जबकि गया में 14.2 डिग्री दर्ज किया गया।

You may have missed