January 24, 2026

गोपालगंज में मोबाइल छीनने के दौरान युवक को बनाया बंधक, छुड़ाने गए बड़े भाई पर आरोपियों ने किया हमला, मौत

गोपालगंज। जिले में मोबाइल छीनने के दौरान एक युवक को कुछ लोगों ने बंधक बनाया और रातभर बेरहमी से उसकी पिटाई की। जब छोटे भाई को छुड़ाने के लिए बड़ा भाई पहुंचा तो आरोपियों ने उसपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई।

यह घटना बैकुंठपुर के नया टोला पिपरा गांव की है। मृतक की पहचान संजीव कुमार यादव के तौर पर हुई है और वह बैकुंठपुर के नया टोला पिपरा गांव का रहने वाला था। मृतक के परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात को उनके गांव में बारात आई हुई थी। बारात में शामिल होने के बाद प्रिंस यादव घर लौट रहा था।
इस दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उसका मोबाइल छीन लिया। इसे लेकर उनके बीच विवाद हुआ जिसमें दबंगों ने प्रिंस को अगवा कर लिया और रात भर बंधक बनाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। परिजनों को जब इसकी सूचना मिली तो शनिवार को अपने भाई को बचाने के लिए संजीव आरोपियों के घर पहुंचा।

आरोपियों ने संजीव पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। हमले में बुरी तरह से घायल संजीव को आनन-फानन में गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। नगर थाने में तैनात एसआई ने कहा कि हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पीड़ित पक्ष ने दबंगों पर मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

You may have missed