आरा में संदिग्ध स्थिति में युवक की मौत; 8 दिन बाद हुई पहचान, परिवार में मचा कोहराम

भोजपुर। आरा के टाउन थाना क्षेत्र के गांगी पुल के समीप संदेहास्पद स्थिति एक युवक की मौत हो गई। मृत अज्ञात युवक के आठवें दिन पहचान हो पाई है। उसकी पहचान बिहिया थाना क्षेत्र के बगही गांव निवासी मो. मुतुर्जा खान का 35 वर्षीय पुत्र सह टमटम चालक मुस्ताक खान के रूप में हुई है। 6 सितंबर दिन सोमवार के शाम को टाउन थाना क्षेत्र के गांगी पुल के नीचे वह मृत अवस्था में पड़ा था। जिसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना टाउन थाना पुलिस को दी गई थी। सूचना पाकर टाउन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उसके शव को आरा सदर अस्पताल ले आई थी। इसके पश्चात अज्ञात के रूप में टाउन थाना पुलिस द्वारा उसके शव का पोस्टमार्टम अस्पताल में कराया गया था। वही लावारिस सेवा केंद्र के नियमानुसार 72 घंटा शव में रख उसका दाह-संस्कार भी कर दिया गया। इधर मृतक के भाई इस्तेयाक ने बताया कि वह टीवी के बीमारी से पीड़ित था। जिसके कारण बीते 5 सितंबर दिन गुरुवार की सुबह वह अपना दावा लेने के लिए आरा आ आया था। लेकिन वह घर वापस नहीं लौटा। जिसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन भी की थी। लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था। इसी बीच रविवार को आरा के एक पहचान वाले व्यक्ति ने फोन कर उन्हें सूचना दी की उंसके भाई की मृत्यु गांगी पुल के नीचे हो गई थी और उसके शव को टाउन थाना पुलिस पोस्टमार्टम के लिए ले गई थी। इसके बाद परिजन सोमवार की सुबह आरा सदर अस्पताल पहुंचे। लेकिन लावारिस सेवा केंद्र के द्वारा उसके शव का रविवार को ही दाह-संस्कार कर दिया गया था। लेकिन सोशल मीडिया के माध्यम से उसके फोटो को देखने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान की। इसके बाद परिजन वापस अपने घर लौट गए। बताया जाता है कि मृतक अपने पांच भाई व तीन बहन में दूसरे स्थान पर था। मृतक के परिवार में मां साबरा खातून,पत्नी कसर खातून है। मृतक को शादी के बाद भी कोई संतान नहीं थी। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है।
