मुंबई में धोनी के घुटने की हुई सफल सर्जरी, आईपीएल मैच के दौरान लगी थी चोट

मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के दौरान चोटिल हुए महेंद्र सिंह धोनी की गुरुवार को घुटने की सर्जरी की गई। सर्जरी मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में हुई है। 5वीं बार चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल का खिताब दिलाने वाले धोनी को टूर्नामेंट के पहले ही मैच में चोट लग गई थी। धोनी का ऑपरेशन कोकिलाबेन अस्पताल के सेंटर फॉर स्पोर्ट्स मेडिसिन के प्रमुख और आर्थ्रोस्कोपी एंड शोल्डर सर्विस के निदेशक डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला ने किया। उनका ऑपरेशन सुबह 8 बजे के करीब हुआ है। धोनी अस्पताल के 16वें फ्लोर पर एडमिट हैं। डॉ परदीवाला ने कार एक्सीडेंट में चोटिल हुए ऋषभ पंत के घुटने का भी सफल ऑपरेशन किया था। इससे पहले वे टोक्यो ओलिंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा का भी साल 2019 में सफल ऑपरेशन कर चुके हैं। सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथ ने धोनी को अगले सीजन के मिनी ऑक्शन से रिलीव किए जाने पर कहा, ‘सच कहूं तो हमने अभी नहीं सोचा है। यह धोनी पर निर्भर करता है कि वह आगे क्या फैसला लेंगे।
धोनी गुजरात के खिलाफ आईपीएलके पहले मैच में हो गए थे चोटिल
धोनी गुजरात के खिलाफ आईपीएल 2023 के पहले ही मैच में चोटिल हो गए थे। गुजरात की पारी के19वें ओवर में दीपक चाहर की गेंद को रोकने के लिए धोनी ने डाइव लगाई, जिसके बाद धोनी कराहते नजर आए। उन्होंने तुरंत ही अपना पैर पकड़ लिया था। वह किसी तरह खड़े हो गए। कुछ देर धोनी परेशान नजर आए। उसके बाद उन्होंने विकेट कीपिंग जारी रखी। मैच के बाद सीएसके के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने धोनी की चोट पर अपडेट दिया। फ्लेमिंग ने कहा कि टूर्नामेंट से पहले धोनी के घुटने में दर्द हो रहा था। उसके बाद धोनी बाद के मैचों में बाएं घुटने पर पट्टी बांधकर खेलते नजर आए थे। यही नहीं वह घुटने की चोट की वजह से बल्लेबाजी करने भी अधिकांश मैचों में निचले क्रम पर ही आए। पिच पर भी वह दौड़ कर रन लेने के बजाय बड़े शॉट ज्यादा खेलते नजर आए। धोनी ने भी आईपीएल सीजन के बीच में कहा था कि वह ज्यादा दौड़ नहीं सकते हैं। इसलिए वह निचले क्रम पर आकर बड़े शॉट खेलने की कोशिश करते हैं। धोनी से पहले सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा और ऋषभपंत भी घुटने की सर्जरी हो चुकी है। सुरेश रैना ने साल 2019 में 32 साल की उम्र में घुटने की सर्जरी कराई थी। रैना को घुटने में 2007 से ही समस्या थी। वहीं पिछले साल सितंबर में रवींद्र जडेजा ने भी घुटने की सर्जरी कराई थी। पिछले साल एशिया कप के दौरान हांगकांग के खिलाफ मैच में उनके घुटने में चोट लग गई थी।

You may have missed