BIHAR : आपदा प्रबंधन विभाग ने बाढ़ के दौरान की गई कार्रवाई का ब्यौरा किया जारी, जानिए कितने परिवार को मिली GR की राशि
file photo
पटना। बिहार में आयी प्रलयंकारी बाढ़ और उससे हुई क्षति के बाद बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने मानसून 2021 बाढ़ के दौरान की गई कार्रवाई का ब्यौरा जारी किया है।
31 जिले में लगभग 79.31 लाख आबादी प्रभावित
आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस वर्ष मानसून अवधि के दौरान राज्य में चार चरणों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई। जिसके कारण 31 जिले के कुल 294 प्रखंडों में लगभग 79.31 लाख आबादी प्रभावित हुई है। बाढ़ पीड़ित परिवारों के सहायतार्थ कुल 88 बाढ़ राहत शिविर संचालित किये गये। इसके अतिरिक्त 1956 सामुदायिक रसोईयों का भी संचालन किया गया है, जिसके माध्यम से दिन-रात मिलाकर लगभग 2 करोड़ 10 लाख लोगों (थाली की संख्या) को भोजन कराया गया है। बाढ़ के दौरान राहत एवं बचाव कार्य के लिए 19 एनडीआरएफ तथा 17 एसडीआरएफ टीमों को लगाया गया।
अब तक 14,46,377 परिवारों मिली जीआर की राशि
विज्ञप्ति के अनुसार, बिहार सरकार की ओर से अब तक 14,46,377 बाढ़ प्रभावित परिवारों को आनुग्रहिक राहत (जीआर) की राशि के रूप में प्रति परिवार 6000 रूपये की दर से कुल 867.83 करोड़ रूपये की राशि के भुगतान की कार्रवाई की गई है तथा शेष बचे हुए लगभग 1,50,000 परिवारों में से योग्य परिवारों को भी जांचोपरान्त जीआर का भुगतान 25 अक्टूबर तक कर दिया जाएगा। वहीं बाढ़ से मृत 60 व्यक्तियों के निकटम संबंधियों को 4 लाख रूपये प्रति मृतक की दर से कुल 2.40 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया है।
6.64 लाख हेक्टेयर में लगी फसल क्षतिग्रस्त
कृषि विभाग से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार बाढ़ से विभिन्न जिलों के अंतर्गत लगभग 6.64 लाख हेक्टेयर में लगी फसल क्षतिग्रस्त हुई है। प्रभावित कृषको को कृषि इनपुट अनुदान के भुगतान के लिए 902.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति राज्य सरकार द्वारा दी गयी है। वहीं बाढ़ एवं जल जमाव के फलस्वरूप फसल नहीं लगने के कारण 1.41 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि परती रह गयी है। संबंधित किसानों को कृषि इनपुट सब्सिडी के भुगतान के लिए 96.03 करोड़ रुपये की स्वीकृति राज्य सरकार द्वारा दी गयी है। बाढ़ से प्रभावित पशुओं के लिए दवा एवं चारा की समुचित व्यवस्था की गई। साथ ही 95 मृत पशुओं के मालिकों को अनुग्रह अनुदान के रूप में कुल 28.40 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
क्षतिग्रस्त बांधों की मरम्मति के लिए 300 करोड़ की राशि
क्षतिग्रस्त बांधों की मरम्मति हेतु जल संसाधन विभाग को आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 300 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त भी जल संसाधन विभाग द्वारा 283 करोड़ रुपये का बाढ़ निरोधक कार्य कराया है। बाढ़ से विभिन्न जिलों में बड़े पैमाने पर सड़क क्षतिग्रस्त हुए हैं। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मति का कार्य कराया जा रहा है। विभाग के अनुसार, विभिन्न विभागों से प्रारंभिक आकलन के आधार पर प्राप्त प्रतिवेदन के आलोक में एक ज्ञापन तैयार कर गृह मंत्रालय, भारत सरकार को भेजा गया है। पुन: अंतिम प्रतिवेदन के आलोक में संशोधित ज्ञापन तैयार कर भेजा जाएगा।


