पटना में संदिग्ध हालत में महिला की मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
पटना। राजधानी पटना के बाइपास थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालत में विवाहित की मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। अंतिम संस्कार से पहले ही मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम के लिए शव को नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। मृतका की मां की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज हुआ है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मुंगेर की रहने वाली विनिता कुमारी की शादी पैजाबा गांव निवासी सूरज यादव से डेढ़ साल पहले हुई थी। सात महीने का बच्चा भी है। परिजनों को कहना है कि दहेज के लिए बेटी को गला दबाकर मार डाला। ससुराल वाले बिना किसी को बताए चोरी छिपे अंतिम संस्कार की तैयारी में थे। इसी बीच मायके पक्ष को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही परिजन पटना पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि अंतिम संस्कार के लिए शव को श्मशान घाट लेकर गए हैं। इसकी जानकारी बाईपास पुलिस की दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी अभिषेक रंजन ने बताया कि अंतिम संस्कार से पहले महिला के शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस को देखकर ससुराल पक्ष के लोग भाग गए। मृतका के मां के बयान के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।


