February 23, 2026

दरभंगा : भाई के ससुराल गए युवक की हत्या कर नदी में फेंका शव, गुस्साए परिजनों ने किया सड़क जाम

दरभंगा । जिले के सदर थाना क्षेत्र के डीह बेरई गांव में भाई के ससुराल गए युवक की हत्या की गई है। उसका शव डीह बेरई पुल के पास नदी में मिला। उसकी पहचान जाले थाना क्षेत्र के जाले गांव के कैलाश महतो के बेटे सुधीर कुमार महतो (21) के रूप में हुई है। मृतक का ननिहाल घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर गौसाघाट में है।

गौसाघाट में परिजनों ने शव के साथ सड़क जाम किया। थानाध्यक्ष शशिकांत सिंह के समझाने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच ले जाया गया। सुधीर डीह बेरई गांव में संजीव महतो के घर में रह रहा था।

घटना के बाद से संजीव महतो के घर के सभी सदस्य फरार हैं। रविवार की सुबह डीह बेरई पुल के पास दुर्गा मंदिर के बगल में नदी में युवक का शव मिला।

नदी में शव मिलने की सूचना पर इलाके में दहशत फैल गई। मौके पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण जुट गए। सूचना मिलने पर सदर थाने के एसआई लालेन्द्र शर्मा दल-बल के साथ पहुंचे। कुछ देर बाद मृतक की शिनाख्त हो गई।

इसके बाद शव को ऑटो पर लादकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच ले जाया जाने लगा। इसी दौरान मृतक के ननिहाल गौसाघाट पहुंचने पर परिजनों ने शव लदे ऑटो को सड़क पर रोक दिया।

बीच सड़क पर आगजनी कर यातायात ठप कर दिया। लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। कुछ देर बाद थानाध्यक्ष शशिकांत सिंह मौके पर पहुंचे।

मृतक के भाई रवि महतो ने पुलिस को बताया कि उसके ससुराल वालों ने उसके भाई की हत्या कर दी है। हालांकि घटना का कारण वह पुलिस को नहीं बता सका।

थानाध्यक्ष ने परिजनों को आश्वस्त किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपित घर छोड़कर फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इसके बाद लोग शांत हुए।

You may have missed