PATNA : महंगाई के खिलाफ कांग्रेस की साइकिल रैली, बोले- कमरतोड़ महंगाई मोदी सरकार की देन

पटना। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम और कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के दस दिवसीय राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के अंतिम दिन शनिवार को बिहार कांग्रेस कमिटी ने राजधानी पटना के बोरिंग रोड चौराहा से गांधी मैदान तक विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया। साइकिल रैली में बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। वहीं इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने किया।
आम लोगों के जेब पर बोझ बढ़ाया
साइकिल रैली में शामिल हुए भक्त चरण दास ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि मोदी सरकार के लचर शासन ने आम लोगों के जीवन को प्रभावित किया है। बेतहाशा मूल्यवृद्धि और खनिज तेल के कीमतों में रोजाना इजाफा करके आम लोगों के जेब पर बोझ बढ़ा दिया है। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों ने कोरोना की मार झेल रहे देशवासियों को महंगाई की दोहरी मार दी है।

केंद्र देश को गरीबी की ओर ले जाने पर अमादा
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश को सत्ता प्राप्ति से ही अस्थिर कर रखा है। उनके फैसले लगातार जनाकांक्षाओं के विपरीत रहते हैं। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम का असर रोजमर्रा की वस्तुओं के क्रय पर सीधा पड़ता है। देश को महंगाई में झोंककर गरीबी की ओर केंद्र सरकार ले जाने पर अमादा है।
आग में जानबूझकर झोंका जा रहा
साइकिल रैली में शामिल हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रीय महासचिव तारिक अनवर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आम लोगों के गाढ़ी कमाई पर डाका डाला जा रहा है और देश को महंगाई के आग में जानबूझकर झोंका जा रहा है।
देश को चलाने का माद्दा केवल कांग्रेस के पास
वहीं बिहार कांग्रेस के प्रभारी सचिव बृजलाल खाबरी ने कहा कि देश को महंगाई से निजात केवल कांग्रेस पार्टी ही दिला सकती है क्योंकि वर्तमान केंद्र सरकार के पास न नीति है और न ही नियत है। देश को चलाने का माद्दा केवल कांग्रेस के पास है।
केंद्र और बिहार सरकार जनविरोधी
बिहार कांग्रेस के विधानमंडल दल के नेता अजीत कुमार शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब तेल के दाम कम हो रहे हैं फिर भी देश में केंद्र सरकार और बिहार में राज्य सरकार उस पर बेताहाशा टैक्स लगाकर आम लोगों को महंगे दामों पर खरीदने को मजबूर कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार दोनों जनविरोधी है।
साइकिल रैली में हुए शामिल
साइकिल रैली में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंदन बागची, कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी, श्यामसुन्दर सिंह धीरज, डॉ. समीर कुमार सिंह, शकील अहमद, विधायक मो. शकील अहमद खान, राजेश कुमार, विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्र, मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, ब्रजेश पांडेय, विधायक प्रतिमा कुमारी दास, मुरारी गौतम, छत्रपति यादव, नीतू सिंह, आनंद शंकर सिंह, इजहारुल हुसैन, अबिदुर रहमान, अजय कुमार सिंह, पूर्व मंत्री अवधेश सिंह, कृपानाथ पाठक, अमिता भूषण, जया मिश्र, शरवत जहां फातिमा, असित नाथ तिवारी, प्रवीण कुशवाहा, ज्ञान रंजन, कुमार आशीष, गुंजन पटेल, ललन यादव, शकील उर रहमान, पूर्व विधान पार्षद लालबाबू लाल, पूर्व विधायक पूनम पासवान, शाश्वत केदार पांडेय, स्नेहाशीष वर्धन पांडेय, पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार, संजीव टोनी, ऋषि मिश्रा, ब्रजेश प्रसाद मुनन, नागेन्द्र पासवान विकल समेत सैकड़ों की संख्या में कई जिलाध्यक्ष और प्रखंड अध्यक्ष सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।