October 24, 2026

नवादा : साइबर अपराधियों ने पुलिस को सूचना देने का आरोप लगा एक ही परिवार के छह लोगों से की मारपीट, सभी घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज

नवादा । जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के चकवाय मीर बिगहा गांव में साइबर अपराधियों ने पुलिस को सूचना देने का आरोप लगाकर छह लोगों की बुरी तरह पिटाई की। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बदमाशों ने एक ही परिवार के छह लोगों से मारपीट की, जिससे सभी लोग घायल हो गए। घायलों में कारू तांती, उनकी पत्नी माधुरी देवी, बेटा कुंदन कुमार व वाल्मीकि कुमार, बेटी काजल कुमारी व उजाला कुमारी शामिल है।

घायल महिला माधुरी देवी ने बताया कि गांव के ही कुछ लोग साइबर अपराध से जुड़े हुए हैं। फर्जीवाड़ा कर रुपये कमा रहे हैं। वे सभी उनके बेटा सूरज कुमार को बहला-फुसलाकर झारखंड लेते गए।

आठ महीना पहले साइबर अपराध के मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस बेटे को पकड़ कर ले गई थी। माधुरी देवी ने यह भी बताया कि जमानत पर बेटे को मुक्त कराया और घर लेकर आ गई।

छत्तीसगढ़ पुलिस ने रामलगन कुमार समेत अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया। वे लोग भी जमानत पर छूट कर घर वापस आए हैं। जेल से आने के बाद उन लोगों ने आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू की, उन्होंने कहा कि बेटे सूरज की सूचना पर ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था।

सभी अपराधी मिलकर बेटे की पिटाई की, परिवार के लोग बचाने आए तो उन लोगों ने पथराव करना शुरू कर दिया, जिससे परिवार के छह लोग घायल हो गए। महिला ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।

You may have missed