फर्जी ट्रैवेल एजेंसी के नाम पर साइबर ठगी करने वाले तीन अपराधी गिरफ्तार, अन्य साथियों की तलाश में जुटी पटना पुलिस

पटना। बिहार में साइबर ठगी करने वाले अपराधी नए नए तरीकों से पुलिस को भी आश्चर्य चकित करते रहते हैं। बिहार की राजधानी पटना में बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस ने टूर एंड ट्रेवल कंपनी की आड़ में ठगी करने वाले तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान गोपालगंज निवासी प्रिंस कुमार, नई दिल्ली के मासूम अली रहमानी और मेरठ निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। वे समर्पण होटल में कार्यालय खोल लोगों को अपने जाल में फंसा रहे थे। टूर कराने के नाम पर ठगों ने कई लोगों से ठगी कर रखी है। पुलिस अब आरोपित के अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि विमलेश कुमार सिंह परिवार के साथ कुम्हरार में रहते हैं। बीते 15 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से टूर कराने को लेकर पैकेज के बारे में एक वाट्सएप मैसेज आया था। उसमें फोन नंबर भी दिया गया था। फोन करने पर उन्हें इनकम टैक्स चौराहा स्थित समर्पण होटल में बुलाया गया। पीड़ित पत्नी के साथ होटल में पहुंचे तो वहां, प्रिंस कुमार समेत छह लोग मौजूद थे। उन्होंने विमलेश को सस्ते दाम पर टूर कराने का झांसा दिया। झांसे में आकर पीड़ित ने ठगों को तीन हजार रुपये देकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया।

उसके बाद में 16 अक्टूबर को प्रिंस कुमार उनके घर पर गया और यात्रा किराया व होटल के पैकेज के नाम पर 50 हजार रुपये ऑनलाइन स्थानांतरित करवा लिया। ठगों ने विमलेश को आश्वासन दिया कि दो दिनों में उन्हें टूर पैकेज से संबंधित पेपर मेल पर भेज दिया जाएगा। दो दिन बीत जाने के बाद भी पीड़ित के पास टूर एंड ट्रेवल कंपनी से कोई फोन और मेल नहीं आया। ठगी का अहसास होने पर विमलेश अपने साथी धर्मवीर कुमार व अन्य के साथ होटल पहुंचे और पैकेज के बारे में पूछताछ की लेकिन आरोपित जानकारी देने में आना-कानी करने लगे। इस बीच ठगी के शिकार राजू नाम का भी शख्स वहां पहुंचा। बाद में ठगी की घटना की सूचना बुद्धा कॉलोनी थाने को दी गई। बुद्धा थाना पुलिस ने छापेमारी में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फ्रॉड गिरोह के अन्य सदस्यों की छानबीन में जुटी हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए बुद्धा कॉलोनी थाना अध्यक्ष ने बताया कि सूबे में साइबर ठगी के कई गैंग सक्रिय हैं और लोगों को तरह तरह से झांसा देकर उनको चूना लगाते रहते हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। अबतक कितने लोगों के साथ फ्रॉड किया गया है इस बाबत कोई जानकारी हाथ नहीं लगी है। जल्द ही मामले में अन्य फरार आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।

You may have missed