भाकपा माले तीन सीटों पर घोषित किये उम्मीदवार, नालंदा से विधायक संदीप सौरव लड़ेंगे चुनाव

  • आरा से विधायक सुदामा प्रसाद और काराकाट से राजाराम सिंह होंगे उम्मीदवार, अगिआंव उपचुनाव शिवप्रकाश रंजन लड़ेंगे

पटना। बिहार में महागठबंधन दलों के बीच सीट बंटवारा हो चुका है। लालू यादव की राजद 26 और कांग्रेस 9 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भाकपा-माले ने शनिवार को बिहार की 3 लोकसभा सीट पर अपने कैंडिडेट के नामों का ऐलान कर दिया है. इंडी गठबंधन में भाकपा-माले को आरा, काराकाट और नालंदा लोकसभा सीटें मिली हैं। पार्टी के तरफ से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार नालंदा सीट से विधायक संदीप सौरव,आरा से विधायक सुदामा प्रसाद, काराकाट से राजाराम सिंह पार्टी के उम्मीदवार होंगे। संदीप सौरभ फिलहाल पटना जिले के पालीगंज विधानसभा से विधायक हैं। साल 2020 विधानसभा चुनाव में उन्होंने करीब 30000 वोटो से अपने निकटतम प्रतिद्वद्वी जदयू के जयवर्धन यादव उर्फ बच्चा बाबू को हराया। छात्र जीवन से राजनीति की शुरुआत करने वाले संदीप सौरव आईशा के महासचिव भी रहे हैं। संदीप सौरभ ने हिंदी साहित्य में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। अब पार्टी इन्हें नालंदा से लोकसभा चुनाव लड़वाने जा रही है।
आरा-काराकाट में है पार्टी का मजबूत जनाधार
आरा और काराकाट में भाकपा-माले का मजबूत जनाधार माना जाता है। भोजपुर जिले में पार्टी के दो विधायक हैं। अगिआंव से मनोज मंजिल और तरारी से सुदामा प्रसाद विधायक हैं। हालांकि अब मनोज मंजिल की सदस्यता खत्म हो गई है। वहीं काराकाट विधानसभा क्षेत्र से अरुण सिंह विधायक हैं। इसी इलाके के ओबरा से राजा राम सिंह विधान सभा चुनाव जीतते रहे हैं। पिछली बार वे हार गए थे।
2 विधायकों को लोकसभा का टिकट
सुदामा प्रसाद फिलहाल आरा जिले के ही तरारी विधानसभा से भाकपा-माले के विधायक हैं। उन्होंने 2015 में पहली बार तरारी सीट पर जीत हासिल की और फिर 2020 के विधानसभा चुनाव में दोबारा निर्वाचित हुए। वे बिहार विधानसभा में कृषि-उद्योग समिति के सभापति भी हैं. सुदामा प्रसाद अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। वे पार्टी की बिहार राज्य स्थायी समिति के भी सदस्य हैं। नालंदा से प्रत्याशी संदीप सौरभ फिलहाल पालीगंज से विधायक हैं। वे आइसा तथा जेएनयूएयू के महासचिव रह चुके हैं। हाल के दिनों में बिहार में चले शिक्षक आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संदीप सौरभ पार्टी की केंद्रीय कमिटी के भी सदस्य हैं।
काराकाट से पूर्व विधायक पर पार्टी ने जताया भरोसा
काराकाट से माले प्रत्याशी राजाराम सिंह अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय महासचिव हैं। 1995 और 2000 में वे औरंगाबाद के ओबरा से दो बार विधायक भी रह हैं। साथ ही अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के बिहार-झारखंड के प्रभारी भी हैं। भाकपा-माले के पोलित ब्यूरो के भी सदस्य हैं।
अगिआंव उपचुनाव में शिवप्रकाश रंजन को मिला टिकट
वहीं अगिआंव उपचुनाव में भाकपा माले ने आरवाइए के राज्य सचिव शिवप्रकाश रंजन को मैदान में उतारा है। मनोज मंजिल को हत्या के केस में सजा होने के बाद उनकी सदस्यता खत्म कर दी गई थी। इसके बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। शिवप्रकाश रंजन बिहार में छात्र आंदोलन के चर्चित नेता रहे हैं। उन्होंने आइसा के बिहार राज्य सचिव की जिम्मेवारी भी संभाली है। वे भाकपा-माले की राज्य कमिटी के भी सदस्य हैं।

 

About Post Author

You may have missed