अंतर्राष्ट्रीय धर्म धम्म सम्मेलन में बोले CM नीतीश- कोरोना वायरस प्राकृतिक नहीं कृत्रिम बीमारी

नालंदा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना वायरस लेकर बड़ा बयान दिया है। कहा है कि कोरोना वायरस प्राकृतिक नहीं कृत्रिम है। राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय परिसर में छठे अंतर्राष्ट्रीय धर्म धम्म सम्मेलन में उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडू, श्रीलंका की परिवहन मंत्री व कई देशों के प्रतिनिधियों के सामने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना वायरस की उत्पत्ति चीन के वुहान शहर से हुई है। उसके बाद यह पूरे विश्व में फैल गया। उन्होंने आगे कहा कि चीन जो विश्व को बताता है, वही हम जान पाते हैं। आज भी वहां क्या हो रहा है, हमें कुछ नहीं पता। कोरोना वायरस प्राकृतिक नहीं कृत्रिम है।
नालंदा विश्व विद्यालय में हो रहे तीन दिवसीय सम्मेलन ‘कोरोना उपरांत विश्व व्यवस्था के निर्माण में धर्म-धम्म परंपराएं’ विषय पर हो रहा है। यह सम्मेलन नौ नवंबर तक चलेगा। इसमें विश्व भर के 150 विद्वान शामिल हो रहे हैं। जो कोविड के बाद के समाधान पर विमर्श करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सम्मेलन से ऐसा कोई समाधान निकले जो देश ही नहीं, पूरे विश्व के लिए पथ प्रदर्शक बने। इससे पहले नीतीश कुमार ने प्राचीन नालंदा वि वि की विशिष्टताओं के बारे में बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर से बुद्ध, महावीर, गुरु नानक से लेकर मखदूम साहब तक का जुड़ाव रहा है। राजगीर आज के भारत से भी बड़े भू भाग की राजधानी रहा है। सीएम नीतीश ने कहा कि जब बिहार के लोगों ने हमलोगों को काम करने का मौका दिया तब से हमलोग नालंदा विवि की पुनर्स्थापना करके गौरवशाली अतीत को लौटाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा पुराने वक्त में नालंदा यूनिवर्सिटी में दस हजार स्टूडेंट पढ़ा करते थे। कई देशों से लोग आया करते थे। उन्होंने कहा कि मुझे आज यहां आकर बहुत खुशी हो रही है।

You may have missed