February 18, 2026

कोरोना को ले सरकार अलर्ट मोड में : बिहार में शाम 7 बजे तक शटडाउन हो जाएंगे दुकानें, मॉल और शोरूम, शिक्षण संस्थान 18 अप्रैल तक बंद, देखें और भी निर्देश

पटना। बिहार में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर तेजी से बढ़ती जा रही है। राज्य सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। एक बार फिर कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए नीतीश सरकार ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लिया है। सीएम नीतीश की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया है कि राज्य में स्कूल और कोचिंग संस्थान 18 अप्रैल तक नहीं खुलेंगे। इसके पूर्व स्कूल और कोचिंग संस्थान को 11 अप्रैल तक बंद रखने का निर्णय लिया गया था। इसके अलावे कोरोना को तेजी से बढ़ता देख आगामी 30 अप्रैल तक बिहार में दुकानों-प्रतिष्ठानों को शाम 7 बजे शटडाउन कर देना है। इसके बाद न दुकानें खुलेंगी, न मॉल और न शोरूम। इस दौरान कोविड नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 11 से 14 अप्रैल तक टीका उत्सव मनाया जाएगा। इन 4 दिनों में चार लाख तक जांच करेंगे।
सरकारी आफिसों में प्रतिदिन 35% रहेगी हाजिरी
शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना से हुई मौतों और केसों की तेजी से बढ़ती रफ्तार को देखते हुए उच्चस्तरीय बैठक में यह भी फैसला लिया है कि सरकारी आफिसों में प्रतिदिन 35% हाजिरी रहेगी, जबकि प्राइवेट में 33 प्रतिशत। मतलब, एक कर्मचारी की ड्यूटी दो दिन बाद लगेगी। इसके साथ ही विरोध के बावजूद सरकार ने स्कूल, कॉलेज, कोचिंग आदि की छुट्टियों को पहला विस्तार देते हुए 18 तक सब कुछ बंद करने का आदेश दिया है। वहीं धार्मिक स्थल अब अगले आदेश तक आम आदमियों के लिए बंद कर दिए गए हैं।


इन नियमों का पालन करना जरूरी
सभी दुकानों और प्रतिष्ठानों में दुकानकर्मियों और ग्राहकों के लिए सैनिटाइजर की व्यवस्था जरूरी होगी। सोशल डिस्टेंसिंग का खासा ध्यान रखा जाएगा। रेस्टोरेंट, भोजनालय और ढ़ाबा में निर्धारित संख्या के 25 फीसदी लोगों को ही बैठाया जाएगा। वहीं सिनेमाहॉलों में 50 फीसदी लोगों को ही बैठने दिया जाएगा। पार्कों और उद्यानों में मास्क का उपयोग जरूरी है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट में 50 फीसदी बैठने की अनुमति रहेगी।
अगले 4-5 दिनों में होगी सर्वदलीय बैठक
सीएम नीतीश ने कहा कि बिहार में फिलहाल कोरोना कर्फ्यू नहीं लगेगा। अगले 3-4 दिनों में स्थिति का जायजा लेने के बाद फिर से समीक्षा किया जाएगा। इसके बाद फैसला लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगले 4-5 दिनों में सर्वदलीय बैठक भी बुलाई जाएगी। कोरोना को देखते हुए तमाम तैयारियां की जा रही हैं। टेस्टिंग में बढ़ोतरी, वैक्सीनेशन का काम जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि दवा लेने के बाद भी कोरोना हो जा रहा है। लोगों को इसके बारे में पता नहीं चल पा रहा है।

You may have missed