February 19, 2026

बिहार विधानसभा में कोरोना विस्फोट, 30 कर्मी मिले संक्रमित, CM के सेक्रेटरी व मदन मोहन झा पॉजिटिव, 3048 नए केस मिले

पटना। बिहार में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलने लगा है। बिहार के सियासी गलियारे में कोरोना पसर चुका है। बिहार विधानसभा में भी कोरोना विस्फोट हो गया है। 30 कर्मी संक्रमित मिले हैं। जिसके बाद विधानसभा 16 जनवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सचिव अनुपम कुमार व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा भी कोरोना पॉजिटिव हो गये हैं। शुक्रवार को यह जानकारी भी सामने आई है कि जदयू कार्यालय में 5 और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। बिहार में अब हर घंटे करीब 100 लोग पॉजिटिव हो रहे हैं।
मदन मोहन ने ट्वीट कर दी जानकारी
मुख्यमंत्री आवास परिसर में पिछले दिनों कोरोना से कई लोग संक्रमित हो गए थे, अब सूचना सामने आयी है कि मुख्यमंत्री के सेक्रेटरी अनुपम कुमार भी कोरोना पॉजिटिव हो गये हैं। उधर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने ट्वीट कर अपने संक्रमित होने की जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि “मेरा कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आया है। मैंने स्वयं को आइसोलेट कर लिया है। जो भी विगत दिनों में मेरे संपर्क में आए हैं कृपया अपना टेस्ट जरूर करवा लें और सावधानी बरतें।”
दरभंगा के एसएसपी संक्रमित
उधर दरभंगा के एसएसपी अवकाश कुमार के कोरोना पॉजिटिव हो गये हैं। वहीं डीएम राजीव रौशन, डीडीसी तनय सुल्तानिया समेत कई अन्य अधिकारियों का कोविड टेस्ट किया गया है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। दरभंगा व्यवहार न्यायालय के 4 अधिकारी समेत कई कर्मियों के भी कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना आ रही है।
पटना में 1314 नए केस मिले
शुक्रवार को प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 3048 नए केस मिले हैं। जबकि पटना में 1314, गया में 293, मुजफ्फरपुर में 130, बेगूसराय में 95 और सारण में 40 नए मामले आए हैं। वहीं 342 मरीज ठीक भी हुए हैं। बिहार में अभी 8489 एक्टिव केस हैं। पटना में सबसे ज्यादा 5074, उसके बाद गया में 889 एक्टिव केस हैं। अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 7,35,852 और ठीक होने वाले संक्रमितों की संख्या 7,15,262 है। मौत का आंकड़ा 12,100 हो गई है। कोरोना से रिकवर होने की प्रतिशत बढ़कर 97.20 हो गई है।

You may have missed