February 18, 2026

गंगा के घटते जलस्तर से उपजे दलदल को दुरुस्त करें प्रशासन : मदन मोहन

घाटों के निरीक्षण में सरकारी व्यवस्था से असंतुष्ट दिखें कांग्रेस अध्यक्ष


पटना। बिहार कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने पटना के दीघा घाट गेट संख्या 88, 92, 93 एवं जेपी सेतु घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया। प्रशासनिक और सरकारी व्यवस्था से बिहार कांग्रेस अध्यक्ष नाखुश नजर आ रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रशासन को गंगा के घटते जलस्तर को ध्यान में रखकर सुविधाओं को और दुरुस्त करने की आवश्यकता है। साथ ही गंगा में अतिरिक्त नौका की व्यवस्था कर किसी भी दुर्घटना से बचने को पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने की ओर ध्यान देना होगा।
उन्होंने गंगा के घटते जलस्तर को प्रशासन के लिए चुनौती मानते हुए दलदली मिट्टी में बालू की बोरियों और बालू के उचित मात्रा को डालने का भी अनुरोध प्रशासन से किया। साथ ही उचित गहराई को देखते हुए प्रमुख घाटों पर बैरिकेडिंग की भी व्यवस्था जल्द पूरी करने की बात कही। बता दें कि सोमवार से नहाय खाय के साथ महापर्व छठ की शुरूआत हो रही है। ऐसे में प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर आवश्यक सुझाव देकर व्रतियों के लिए महापर्व पर सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है।
घाटों के निरीक्षण में मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, पटना महानगर कांग्रेस अध्यक्ष शशि रंजन यादव, पार्षद नीरज यादव, सुदय शर्मा, सिद्धेश्वर यादव, पवन यादव सहित अन्य प्रमुख नेता उपस्थित रहे।

You may have missed