बिहार में अगले 48 घंटे में बढ़ेगी ठंड, सुबह में कोहरा के कारण रहेगी कनकनी
पटना। बिहार में कोहरा के कारण सुबह की ठंड बढ़ गई है। दो से तीन दिनों तक कोहरा का असर दिखाई पड़ेगा। हालांकि, इस बीच 48 घंटे में राज्य में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री बढ़ोतरी की संभावना है। पर सुबह में ठंड बनी रहेगी। वही मौसम विभाग ने 3 फरवरी को बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य के 19 जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में सतह से 1।5 किलोमीटर ऊपर तक पश्चिमी एवं उत्तर पश्चिमी हवा का प्रवाह जारी है। हालांकि, अब इसकी गति काफी कम हो गई है। इस कारण से अगले तीन दिनों तक राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

अगले दो दिनों तक उत्तरी बिहार के भागों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा। अगले 48 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है। वहीं, पिछले 24 घंटे में राज्य का मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहा। मोतिहारी, सुपौल और पूर्णिया में कोल्ड डे का असर दिखाई पड़ा। इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस अररिया में दर्ज किया गया है।
बारिश को लेकर मौसम का अलर्ट
3 फरवरी को पटना सहित राज्य के 19 जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना बन रही है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने के साथ कई स्थानों पर तेज बारिश का पूर्वानुमान है। बारिश के बाद मौसम के साफ होने की भी संभावना बन रही है। मौसम विभाग का कहना है कि पछुआ हवा की रफ्तार में कमी आने से और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने से बिहार में बने कोल्ड डे (शीत दिवस) से काफी राहत मिलने की संभावना है। 3 फरवरी को राज्य के उत्तर पश्चिम के 5 जिलों पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज तथा दक्षिण पश्चिम बिहार के 6 जिलों बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल और दक्षिण मध्य बिहार के 8 जिलों पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद के अलग अलग भागों में मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इस दौरान 19 जिलों के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है।

