पटना समेत बिहार के अन्य हिस्सों में तापमान गिरने से ठंड बढ़ी, वायरल बुखार का भी बढ़ा खतरा

पटना। बिहार में अचानक ठंड बढ़ गई है। राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान तेजी से गिर गया है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होते ही पूरे बिहार में मौसम साफ हुआ है। साथ ही उत्तरी पछुआ हवा का प्रभाव बढ़ने से ठंड में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सप्ताहांत तक राज्य में ठंड का असर और बढ़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक पटना के न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। पटना का न्यूनतम तापमान गुरुवार को 17.6 डिग्री दर्ज किया गया। इस सीजन में पहली बार इस स्तर पर तापमान नीचे आया है। राज्यभर में गया में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, यहां न्यूनतम पारा 1.3 डिग्री की गिरावट के साथ 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। भागलपुर में भी 1.8 डिग्री की गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्णिया में न्यूनतम पारा एक डिग्री नीचे आकर 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सारण, नवादा, शेखपुरा, अररिया, सीतामढ़ी में भी तापमान नीचे आया है।
रातें सर्द और दिन गर्म से वायरल बुखार का बढ़ा खतरा
न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ही राज्य के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान में भी आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यानी कि रातें सर्द होने के साथ दिन गर्म हुए हैं। गुरुवार को पटना में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री, गया में 31.5 डिग्री, भागलपुर में 30.1 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 28.2 डिग्री और पूर्णिया में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वही अचानक मौसम में हो रहे इस प्रकार के परिवर्तन से प्रदेश में वायरल बुखार का खतरा एक बार फिर से बढ़ने लगा है। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण लोग अभी भी गर्म कपड़े पहने से परहेज कर रहे हैं जिसके कारण उन्हें आसानी से वायरल बुखार हो जा रहा है। उधर चिकित्सकों ने भी ठंड को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है। वैसे माना जा रहा है कि आने वाले समय में बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ेगी जिसका आभा सभी से होने लगा है।

About Post Author

You may have missed