बाढ़ पीड़ितों का हाल-चाल जानने समस्तीपुर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राहत शिविर व सामूहिक रसोई का किया निरीक्षण

समस्तीपुर। बाढ़ पीड़ितों का हाल-चाल जानने शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मोहिउद्दीनगर पहुंचे। वे करीब 12 बजे यहां पहुंचे। पहले बलुआही स्थित नगर भवन में चलाए जा रहे राहत शिविर व सामूहिक रसोई का निरीक्षण किया।

कई पीड़ितों से वहां की व्यवस्था संबंधी जानकारी ली। जीटीए कॉलेज में बने आपदा राहत केंद्र पर भी गए। वहां की व्यवस्था देखी।वे आईटीआई कॉलेज पशु राहत शिविर में भी पहुंचे। सभी शिविरों पर एक-एक चीज को देखा।

उनके साथ शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। यहां से वे विद्यापतिनगर भी जाएंगे। शुक्रवार को मुख्यमंत्री के आने की सूचना मात्र से पूरा महकमा तैयारियों में जुट गया था।

जिलाधिकारी शशांक शुभंकर समेत कई वरीय अधिकारी बारी-बारी से मोहिउद्दीनगर पहुंचे थे। सामुदायिक किचेन से लेकर पेयजल, शौचालय सहित कई शिविरों का निरीक्षण कर कमियों को दूर किया था।

सीएम का हेलीकॉप्टर 12 बजे आरबीएस कॉलेज अंदौर के परिसर में उतरा, जहां कार्यकर्ताओं समेत प्रशासनिक पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

अंदौर से सड़क मार्ग होते हुए टाउन हॉल बलुआही मे संचालित शिविर पर पहुंचे। वहां वे सामुदायिक रसोईघर भी गए एवं उसका निरीक्षण किया।

स्थानीय विधायक राजेश कुमार सिंह, स्थानीय नेता व कार्यकर्ता भी वहां मौजूद रहे। नगर भवन में बने महिला बाढ़-पीड़ितों को देखा।

इस दौरान शिक्षा विभाग ने अस्थायी विद्यालय को भी देखा। यहां पर एक ग्रामीण ने इस स्थल से अलग के क्षेत्र की भी स्थिति जानने की अपील की। 40 मिनट रहने के बाद सीएम विद्यापतिनगर के लिए रवाना हो गए।

You may have missed