February 13, 2026

पटना में एटीएम में कार्ड फंसाकर टीचर से ठगी, दो युवक ने 13000 रुपए उड़ाए

पटना। पटना में एटीएम मशीन में कार्ड फंसाकर शातिरों ने एक शिक्षक के खाते से 13 हजार रुपए निकाल लिए। घटना कुर्जी मोड़ स्थित यूको बैंक के एटीएम की है। पीड़ित की शिकायत पर पाटलिपुत्र पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ है। पीड़ित शिक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि 25 दिसंबर को कुर्जी मोड़ स्थित यूको बैंक के एटीएम से रुपए निकालने गया था। मशीन में मेरा कार्ड फंस गया। इसी बीच दो लड़के अंदर घुसे और मदद का दिखावा करने लगे। एक लड़के ने कागज पर लिखकर 7783081060 नंबर दिया और कहा कि इस पर पर बात कीजिए। मैंने इस नंबर पर फोन किया तो सामने से बताया गया कि मैं यूको बैंक एटीएम इंजीनियर हूं। आपका सारा डिटेल मैंने ले लिया है। आप अभी अल्पना मार्केट यूको बैंक के गार्ड को बुलाकर मशीन के अंदर से कार्ड को निकलवा लीजिए। उन्होंने आगे बताया कि मैं बैंक को तरफ बढ़ा तभी मेरे मोबाइल पर बैंक खाते से 13000 रुपए कटने का मैसेज आया। मेरे खाते से मोहम्मद साबिर अली के नाम पर ट्रांजेक्शन हुआ था। एटीएम गया तो दोनों लड़के गायब थे। फिर बैंक के ब्रांच में जाकर वहां के अधिकारी धीरेंद्र कुमार को सारी बात बताई। धीरेंद्र कुमार ने मेरा कार्ड ब्लॉक कराया और थाना भेज दिया। पाटलिपुत्र थाना प्रभारी विमलेंदु कुमार ने बताया कि अरविंद कुमार के खाते से 13,000 रुपए धोखे से निकाल लिया गया है। आरोप दो अज्ञात लड़कों पर लगा है। पुलिस एटीएम में लगे सीसीटीवी फुटेज से दोनों लड़कों की पहचान करने में लगी है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You may have missed