पूर्णिया में बारात के दौरान बवाल, रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, कई लोग घायल

  • डीजे और बारात के बीच रास्ता देने को लेकर हुई कहासुनी
  • दोनों पक्षों ने थाने में दिया आवेदन, पुलिस कर रही मामले की जांच

पूर्णिया। जिले के के. नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनभाग चुनापूर पंचायत के वार्ड-7 में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बारात के दौरान दो पक्षों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब तीन दिन पुराना है। मिली जानकारी के अनुसार, शादी समारोह के दौरान परिवार की महिलाएं बारात निकलने से पहले पारंपरिक रस्म पूरी करने के लिए मंदिर गई थीं। वहां से लौटते समय वे नाचते-गाते घर की ओर आ रही थीं। इसी दौरान रास्ते में डीजे और बारात के बीच रास्ता देने को लेकर विवाद शुरू हो गया। पहले यह विवाद कहासुनी तक सीमित था, लेकिन देखते ही देखते यह झगड़ा मारपीट में बदल गया। पहले पक्ष की ओर से संजीव पासवान ने बताया कि उनके भांजे की शादी थी और महिलाएं मंदिर से लौट रही थीं। इसी बीच नवटोलिया निवासी सूरज कुमार यादव, बिटेस यादव और प्रिंस यादव ने रास्ते में विवाद खड़ा कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया और महिलाओं के आभूषण छीनने का प्रयास भी किया गया। इस घटना में उनके पक्ष के चार लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए के. नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से सुबोध यादव ने अलग कहानी बताई है। उनके अनुसार उनका बेटा सूरज कुमार यादव किसी जरूरी काम से पूर्णिया जा रहा था। परिवार के कुछ सदस्य अस्पताल में भर्ती थे, जिन्हें पैसे और भोजन पहुंचाना था। रास्ते में शादी समारोह के कारण भीड़ होने से उसे रुकना पड़ा। उन्होंने बताया कि सूरज ने वाहन से हॉर्न बजाकर रास्ता मांगा, लेकिन रास्ता नहीं मिलने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इस दौरान सूरज कुमार यादव भी घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि स्थानीय लोगों और पुलिस की सक्रियता से स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया। इस संबंध में के. नगर थाना अध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि छोटे-छोटे विवाद किस तरह बड़े संघर्ष का रूप ले लेते हैं, जिससे सामाजिक माहौल प्रभावित होता है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

You may have missed