बिहार में मौसम का बदला मिजाज, आंधी-बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी
- करीब 20 जिलों में तेज हवा और बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया पीला अलर्ट
- मार्च अंत तक तापमान में होगी बढ़ोतरी, अप्रैल में लू जैसे हालात बनने के संकेत
पटना। बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य के करीब 20 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग ने इसके लिए पीला अलर्ट घोषित किया है, जिसके तहत लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव का अधिक असर उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में देखने को मिलेगा, जबकि दक्षिण और पश्चिमी हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना रह सकता है। राज्य में अधिकतम तापमान फिलहाल 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे दिन के समय गर्मी का असर बना रहेगा। सोमवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। नालंदा के राजगीर में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा कैमूर और सासाराम में 37.4 डिग्री, गया में 36.6 डिग्री और पटना में लगभग 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हालांकि शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में राहत देखने को मिली। किशनगंज और अररिया जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि पटना, मधुबनी, रक्सौल और बगहा सहित कई क्षेत्रों में तेज आंधी चली। इससे वातावरण में ठंडक आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। उत्तर बिहार के कई जिलों में देर रात तक बादल छाए रहे। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव हो रहा है। इन दोनों प्रणालियों के प्रभाव से राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादल बनने, आंधी और बारिश की स्थिति उत्पन्न हो रही है। पूर्वानुमान के अनुसार 20 से 22 मार्च के बीच राज्य के कई जिलों में फिर से बारिश का दौर तेज हो सकता है। मंगलवार के लिए जारी अनुमान में सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा और वैशाली सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 18 और 19 मार्च को कुछ इलाकों में हल्की बारिश से मौसम में थोड़ी राहत मिल सकती है। राजधानी पटना में फिलहाल आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि यहां बारिश के आसार कम बताए गए हैं। पटना में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों तक राज्य में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। इसके बाद मार्च के अंतिम सप्ताह से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी। अप्रैल के पहले सप्ताह तक राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है, जिससे लू जैसे हालात बनने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम के इस बदलते स्वरूप को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।


