चक्का जाम नाकाम, विपक्षी दल हलकान : प्रभाकर मिश्र
- चक्का जाम से दूर रहा अवाम, फ्लॉप शो साबित हुआ विपक्षी दलों का चक्का जाम
- दो किलोमीटर भी पैदल नहीं चले दोनों युवराज
पटना। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने विपक्षी दलों के चक्का जाम पर करारा तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी दलों का चक्का जाम पूरी तरह नाकाम रहा। चक्का जाम कराने के लिए कई जगहों पर उपद्रवी तत्व जोर-जबरदस्ती करते दिखे। चक्का जाम कराने के लिए मारपीट भी की गयी। सड़क पर आते-जाते लोगों के साथ बदसलूकी की गयी। इसके बावजूद चक्का जाम पूरी तरह फ्लॉप साबित हुआ। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि चक्का जाम दोनों युवराजों के लिए महज मौज-मस्ती का माध्यम बनकर रह गया। दोनों युवराज रथ पर सवार होकर चक्का जाम का मुआयना करने निकले। भ्रष्टाचार के दोनों महारथियों को देखकर लोग हंस रहे थे। लोग कह रहे थे कि यह कैसा चक्का जाम है कि जाम कराने वालों के नेता रथ पर सवार हैं और चक्का जाम के लिए दूसरे लोगों के साथ जोर-जबरदस्ती की जा रही है। श्री मिश्र ने कहा कि दोनों युवराज दो किलोमीटर भी पैदल नहीं चले, यह बताता है कि ये सिर्फ अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को जोखिम में डालते हैं, इस सच को महागठबंधन के कार्यकर्ताओं को भी समझना चाहिए। चक्का जाम के आह्वान का अंजाम महागठबंधन के घटक दलों को भुगतना पड़ेगा। जनता अब पूरी तरह समझ गयी है, ये लोग जनता का हित कभी नहीं देखते, सिर्फ अपनी सियासी जमीन बचाने के लिए इस तरह का कुचक्र रचते हैं। मिश्र ने कहा कि चक्का जाम सिर्फ पर्यटन पॉलिटिक्स साबित हुआ, जिसमें विपक्षी दलों के नेता मौज-मस्ती करते देखे गये। शहर से गांव तक वोटरलिस्ट वेरिफिकेशन में लोगों को कहीं कोई परेशानी नहीं होगी रही। लोग उत्साह के साथ वोटरलिस्ट वेरिफिकेशन अभियान में शामिल हो रहे हैं। फिर विपक्ष की इस नौटंकी का क्या मतलब है।


