बिहार में अगले एक-दो दिनों में होगा मंत्रिमंडल विस्तार, जयसवाल बोले- मंत्री पद से इस्तीफा दे रहा हूं, आगे की जानकारी नहीं

पटना। बिहार में आज या कल में नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बुधवार सुबह कहा कि ‘मैं आज ही मंत्री पद से इस्तीफा देने जा रहा हूं। बीजेपी में एक व्यक्ति एक पद का फॉर्मूला है। कैबिनेट विस्तार के बारे में मुझे जानकारी नहीं है। आप लोगों से मुझे ये पता चला है। पिछले एक साल से नीतीश कैबिनेट विस्तार की चर्चा चल रही थी। मंगलवार को जेपी नड्डा के साथ हुई कोर कमेटी की बैठक के बाद इस पर मुहर लगने के कयास लगाए जा रहे हैं। कोर कमेटी की बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई है कि किन चेहरों को शामिल किया जाए। कैबिनेट विस्तार को लेकर बीजेपी कोटे से 4 से 5 विधायकों के मंत्री बनाने की चर्चा तेज है। पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा और अनिल शर्मा मंत्री बनाए जा सकते हैं। स्वर्ण समुदाय से एक मंत्री बनाए जाने की बात पर दोनों में से किसी एक चेहरे को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। पिछड़े समुदाय से नवल किशोर यादव को मंत्री बनाने की चर्चा है। मंत्रिमंडल में एक महिला को भी जगह मिल सकती है। कविता देवी का नाम सामने आ रहा है। वैसे मंत्री जिसके पास दो या दो से अधिक मंत्री पद हैं, उनसे एक विभाग को लिया जा सकता है। ये विभाग नए मंत्री को दिया जाएगा। कई ऐसे मंत्री हैं, जिसके पास दो या दो से अधिक विभाग हैं। जानकारी के मुताबिक पार्टी के बड़े चेहरे से भी विभाग की कटौती की जा सकती है। ये नए मंत्री को दी जा सकती है। बिहार में होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में 2025 विधानसभा चुनाव को देखते हुए जातीय गणित को भी साधने की कोशिश की गई है। जानकारी के मुताबिक, अगड़ी जाति से दो मंत्री बन सकते हैं। राजपूत और भूमिहार जाति से भी मंत्री बन सकते हैं। अति पिछड़ा में दो लोगों को मंत्री बनाया जा सकता है। तेली जाति से एक मंत्री बनना लगभग तय है। पिछड़ा समाज से भी बन मंत्री सकते हैं। कुर्मी और कुशवाहा समाज से एक-एक मंत्री बनाने की चर्चा है।
