बीपीएससी मेंस की परीक्षा में पूछा गया विवादित सवाल, बिहार के राज्यपाल को लेकर अशोभनीय टिप्पणी?

पटना।बीपीएससी के 64वीं सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा में एक प्रश्न को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है। प्रश्न पत्र में बिहार के राज्यपाल को लेकर एक बहुत ही अशोभनीय और विवादित तरीके से प्रश्न पूछा गया है। जानकारी के मुताबिक मेंस परीक्षा में सामान्य ज्ञान के दूसरे पेपर में राज्यपाल को लेकर एक प्रश्न किया गया है जो कि चर्चा का विषय बन गया।प्रश्‍न था- ‘भारत में राज्य की राजनीति में राज्यपाल की भूमिका का आलोचनात्मक परीक्षण कीजिए, विशेष रूप से बिहार के संदर्भ में. क्या वह केवल एक कठपुतली है?’ इस प्रश्न को लेकर आयोग की जमकर निंदा हो रही है।इस संबंध में बिहार लोकसेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आयोग के सदस्यों या अधिकारियों को इस बात की जानकारी नहीं होती कि प्रश्न पत्र में क्या- क्या सवाल पूछे जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रश्न पहले भी पूछे जाते रहे हैं, उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रश्न पूछना किसी भी रूप में गलत नहीं है।वहीं इसको लेकर कई विशेषज्ञो का कहना है कि कई बार विद्यार्थियों की अवधारणा को जानने के लिए इस तरह के प्रश्‍न पूछे जाते हैं, मगर स्पेशल बिहार और कठपुतली जैसे शब्द सही नहीं है. विद्वानों का कहना है कि राज्यपाल एक संवैधानिक पद है, ऐसे में बीपीएससी का इस तरह का प्रश्‍न पूछना गलत है।आपको बता दें कि बीपीएससी के 64वीं सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा में एक और सवाल यह पूछा गया था कि क्या बहुत अधिक दल भारतीय राजनीति के लिए अभिशाप हैं इस प्रश्न को बिहार के परिपेक्ष्य में स्पष्ट कीजिए।इस तरह के सवाल एक तरह से विवाद को जन्म देने का कारण बन सकते हैं।प्रश्न को लेकर कई लोगों का कहना हैं कि इसमें ख़ास कर बिहार और कठपुतली शब्द लिखकर एक नया विवाद शुरू हो गया है जो राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद के संदर्भ में सही नहीं है।

About Post Author