चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा की जीत, इंडिया गठबंधन हार, केजरीवाल बोले- दिनदहाड़े बेईमानी हुई

चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर का चुनाव भाजपा ने जीत लिया है। भाजपा के उम्मीदवार मनोज सोनकर ने बड़ा उलटफेर करते हुए यह जीत हासिल की है। मेयर चुने गए भाजपा नेता मनोज सोनकल को कुल 16 वोट हासिल हुए हैं, जबकि आम आदमी पार्टी के कुलदीप सिंह 12 वोट ही पा सके। 8 वोट अवैध करार दिए गए हैं। इस निर्णय को लेकर विवाद हो सकता है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस इस पर सवाल खड़े कर सकते हैं। पहले ही चुनाव टालने को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने हमला बोलते हुए कहा था कि यह गलत है और भाजपा ने हार के चलते ऐसा फैसला लिया है। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के कुलदीप कुमार को कांग्रेस का भी समर्थन हासिल था। फिर भी उनकी हार हुई है। ऐसे में चुनाव में भाजपा ने बड़ा खेल करते हुए यह सीट अपने नाम कर ली। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों ही चुनाव में जीत के दावे कर रहे थे। आम आदमी पार्टी की पार्षद प्रेमलता ने इस इलेक्शन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हम इस चुनाव के खिलाफ हाई कोर्ट जाएंगे। भाजपा ने गलत तरीके से जीत हासिल की है। मेरे हाथ से बैलेट पेपर ही छीन लिया गया। किरण खेर मैडम लगातार इशारे दे रही थीं। आखिर 8 वोट अवैध कैसे हो सकते हैं? प्रेमलता ने कहा कि हमारे 24 वोट थे। फिर 8 वोट अवैध कैसे करार दे दिए गए। प्रेमलता ने आरोप लगाया कि गलत तरीके से बाद में साइन किए गए और वोटों को अवैध करार दे दिया गया। प्रेमलता ने कहा कि भाजपा की सरकार का अंत आ चुका है। भले ही इन लोगों ने मेयर का चुनाव धोखे से जीत लिया है, लेकिन सांसदी के चुनाव में तो सीधे जनता ही वोट देगी और सबक सिखाएगी। प्रेमलता ने इस दौरान किरण खेर मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
केजरीवाल बोले- दिनदहाड़े बेईमानी हो गई है, लोकसभा में क्या होगा
दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने इस हार को बेईमानी बताया है। उन्होंने कहा, ‘चंडीगढ़ मेयर चुनाव में दिन दहाड़े जिस तरह से बेईमानी की गई है, वो बेहद चिंताजनक है। यदि एक मेयर चुनाव में ये लोग इतना गिर सकते हैं तो देश के चुनाव में तो ये किसी भी हद तक जा सकते हैं। ये बेहद चिंताजनक है। वही भाजपा की इस जीत पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी ट्वीट आया है। उन्होंने इसे इंडिया अलायंस के खिलाफ पहली जीत करार दिया है। जेपी नड्डा ने लिखा, इंडिया अलायंस ने भाजपा के खिलाफ पहली चुनावी लड़ाई लड़ी और हार हुई है। इससे दिख गया कि न तो उनकी गणित काम की और ना ही उनकी केमिस्ट्री चल पाई है।’ यही नहीं केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भी इस बीच विपक्षी गठबंधन पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि इंडिया अलायंस तो अब ब्रेन डेड हो चुका है।

About Post Author

You may have missed