भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल बोले-चिराग व तेजस्वी में नेता बनने के कोई गुण नहीं

वैशाली । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने लोजपा सांसद चिराग पासवान व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों अपने पिता की विरासत ढो रहे हैं।

इनमें नेता बनने की कोई लक्षण नजर नहीं आते। हाजीपुर में पासवान चौक के पास भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के दौरान सभा को संबोधित करते हुए संजय जायसवाल ने ये बात कही।

उन्होंने कहा कि ये दोनों नेता अपने दम पर नहीं, बल्कि अपने पिता के दम पर राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं। संजय जायसवाल ने कहा कि चिराग पासवान तब क्षेत्र में घूम रहे हैं, जब उनकी पार्टी में टूट हो गई।

अपने चाचा व पार्टी के नेताओं की शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान को यह बताना चाहिए कि उनमें क्या गुण हैं, जो यह नेता बनते फिरते हैं।

दूसरी ओर प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर भी उन्होंने जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता बिहार के मुख्यमंत्री रहे और तेजस्वी यादव खुद बिहार के डिप्टी सीएम रहे।

फिर भी अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में तेजस्वी यादव अपने पिता के नाम पर राजनीति करते हैं और अपने आप को नेता बताते हैं। वहीं इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने अपने संगठन के विकास पर जोर दिया। इस कार्यक्रम में पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About Post Author

You may have missed