October 29, 2025

मधेपुरा में पैक्स अध्यक्ष सह बीजेपी नेता की हत्या, बाजार से घर लौटते समय अपराधियों ने मारी गोली

मधेपुरा। बिहार के मधेपुरा में अपराधियों ने एक पैक्स अध्यक्ष सह भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के टिक्कर टोला के पास की है। कार से वापस घर लौटने के दौरान अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष को गोली मार दी और मौत के घाट उतार दिया। बेखौफ अपराधियों ने शुक्रवार देर शाम को शाहपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी। ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के शाहपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष सह भाजपा नेता बिपिन सिंह की हत्या अज्ञात अपराधियों ने कर दी है। हत्या उस समय कर दी गयी जब बिपिन सिंह अपनी कार से देर शाम लगभग 8.15 बजे अपने घर शाहपुर जा रहे थे। बिपिन सिंह अपनी कार से अकेले ही जा रहे थे।

बिपिन सिंह जैसे ही टिक्कर टोला से थोड़ा आगे पहुंचे कि पूर्व से घात लगाये तीन बाइक पर सवार छह अपराधियों ने कार रुकवा कर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। इससे बिपिन सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। राहगिरों और अगल-बगल के लोगों के हल्ला करने पर घटना की जानकारी मिलते ही लोगों कि भीड़ जमा हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे व आगे की कार्रवाई में जुट गये। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पहुंचे। उनके करुण करंदन से माहौल गमगीन हो गया।

You may have missed