हमारी एकता से डरकर विपक्ष के नेताओं पर अपने तोते का इस्तेमाल कर रही बीजेपी : ललन सिंह

  • अरविंद केजरीवाल को मिले सीबीआई समन पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कसा तंज, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने जांच एजेंसियों को भाजपा का पालतू तोता करार दिया है। शराब घोटाला मामले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा समन जारी करने पर ललन सिंह ने कहा कि भाजपा को 81 हजार करोड़ का कॉरपोरेट घोटाला दिखाई नहीं देता है। ललन सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। केंद्र में सत्तासीन भाजपा सरकार द्वारा विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के विरूद्ध अपने पालतू तोतों का दुरुपयोग बदस्तूर जारी है। अभी 11-12 अप्रैल को दिल्ली में विपक्षी एकता के लिए सकारात्मक पहल होते ही भाजपा तिलमिला गई है। जदयू अध्यक्ष ने कहा कि भाजपाई सरकार के दिलों-दिमाग में बदले की भावना भड़क उठी है। इसलिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सीबीआई का नोटिस मिल गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने शुक्रवार को ही ईडी पर आबकारी नीति मामले में अदालत को झूठे सबूतों से गुमराह करने का आरोप लगाया है।

वही ललन सिंह ने कहा कि देश पूरी तरह से अधिनायकवाद की ओर बढ़ रहा। सारी संस्थाओं को खत्म किया जा रहा। सरकारी संस्थाओं का उपयोग राजनीति के लिए किया जा रहा और विरोधी पार्टियों को लपेटा जा रहा। लोग अगर नहीं जागे तो केंद्र की सरकार चला रहे लोग देश को पाकेट मे रख लेंगे और नया संविधान लाएंगे। वर्ष 2024 के चुनाव में देश भाजपा मुक्त होगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली में कथित शराब घोटाला मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने रविवार 16 अप्रैल को पूछताछ के लिए बुलाया है। मनीष सिसोदिया इसी मामले में अभी जेल में बंद है।

About Post Author

You may have missed