हरियाणा में भाजपा और जजपा का गठबंधन टूटा; औपचारिक ऐलान बाकी, खट्टर देंगे इस्तीफा

चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में भाजपा और जननायक जनता पार्टी यानी जजपा का गठबंधन टूट गया है। बस ऐलान बाकी है। माना जा रहा है कि जजपा हरियाणा में 1 से 2 लोकसभा सीटें मांग रही थी जबकि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व और राज्य संगठन सभी 10 सीटों पर खुद लड़ने के पक्ष में है। यही टूट की वजह है। जजपा के राष्ट्रीय महासचिव और हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मुलाकात की थी। इसके बाद सीएम मनोहर लाल खट्‌टर ने चंडीगढ़ में सोमवार रात और फिर मंगलवार सुबह 11 बजे इमरजेंसी मीटिंग बुला ली। इसमें सभी मंत्री-विधायक और सरकार को समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायक शामिल हुए। भाजपा के आक्रामक रुख को देखते हुए दुष्यंत चौटाला दिल्ली पहुंचे हैं। उन्होंने अमित शाह से मिलने का समय मांगा है। उधर, राजभवन में भी गहमागहमी है। यहां पर एक हजार लोगों के लंच का इंतजाम किया गया है। सीएम कैबिनेट समेत इस्तीफा दे सकते हैं। उसके बाद नए सिरे से शपथग्रहण समारोह हो सकता है। खट्टर के जगह पर नायब सिंह सैनी को सीएम बनाया जा सकता है, जो हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। इसके अलावा वह कुरुक्षेत्र से लोकसभा के सांसद भी हैं। उनके अलावा एक और पंजाबी नेता संजय भाटिया के नाम की भी चर्चा है। खट्टर के इस्तीफे के बाद नया सीएम बनेगा और फिर पूरी कैबिनेट ही नई होगी।
जजपा से गठबंधन टूटने का संकेत कैसे मिला
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला सोमवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मिले। उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की। हालांकि पहले वे हर बार मीटिंग के बाद मीडिया से बात जरूर करते थे। चौटाला-नड्‌डा की मुलाकात के बाद भाजपा की ओर से भी गठबंधन को लेकर किसी भी नेता के द्वारा कोई बयान नहीं दिया गया। हरियाणा में 90 विधानसभा सीटें हैं। इनमें 41 भाजपा, 30 कांग्रेस, 10 जजपा, 1 इनेलो, 1 हलोपा और 7 निर्दलीय हैं। बहुमत के लिए 46 सीटें चाहिए। अभी भाजपा-जजपा की गठबंधन की सरकार भाजपा के 41, जजपा के 10 और एक निर्दलीय रणजीत चौटाला सरकार में है। अगर जजपा गठबंधन तोड़ देती है तो भाजपा के पास 41, 7 निर्दलीय और एक हलोपा विधायक का समर्थन है। ऐसे में भाजपा के पास बहुमत के 46 के आंकड़े से 3 ज्यादा सीटें बन रही हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आवास पर मीटिंग खत्म हो चुकी है। इस पूरे घटनाक्रम पर केंद्र भी नजर बनाए हुए हैं। केंद्र के द्वारा 2 ऑब्जर्वर भी चंडीगढ़ भेजे गए हैं। इनके 12 बजे पहुंचने की उम्मीद है। इससे पहले 11.30 बजे के करीब हरियाणा निवास पर सीएम मनोहर भाजपा के मंत्रियों-विधायकों और निर्दलीय विधायकों के साथ मीटिंग करेंगे। मनोहर लाल राज्यपाल को इस्तीफा दे सकते हैं। इसके लिए दिल्ली से ऑब्जर्वर्स अर्जुन मुंडा और तरूण चुघ के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद राजभवन में नए सिरे से शपथग्रहण समारोह होगा। इसकी तैयारियां की जा रही हैं। जजपा के विधायक राज कुमार गौतम के बाद अब नरवाना से विधायक राम निवास सुरजाखेड़ा ने भी जेजेपी से गठबंधन तोड़ना हरियाणा के हित में बताया है। अलग राहें अपनाना हरियाणा के हित मे होगा। जेजेपी से विधायक दादा गौतम के बाद रामनिवास सुरजाखेड़ा ने भी गठबंधन तोड़ने की वकालत की है।

About Post Author

You may have missed