BIHAR : खगड़िया में दिनदहाड़े शिक्षक की गोली मारकर हत्या, राजद नेता भी घायल

खगड़िया। बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। आए दिन अपराधिक वारदातों को अंजाम देकर कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखा रहे हैं। वहीं पुलिस अपराधियों से निपटने में विफल साबित हो रही है। बुधवार को खगड़िया जिले में दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने प्राइवेट स्कूल के शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों द्वारा की गई गोलीबारी में स्थानीय राजद नेता साकेत सिंह गुड्डु (42 वर्ष) भी घायल हो गए। गंभीरावस्था में राजद नेता को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनको रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक शिक्षक की पहचान नृपेन्द्र कुमार सिंह (45 वर्ष) के रूप में हुई है। चुनावी रंजिश के कारण अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी है।
