BIHAR : पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हैं स्पेशल ट्रेनें, महाप्रबंधक ने रेल यात्रा से जुड़ी किसी प्रकार की अफवाह से बचने की दी सलाह
* 180 स्पेशल ट्रेनों का किया जा रहा है परिचालन
* मुंबई से पूमरे के विभिन्न स्टेशनों के लिए 17 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं
* यात्रियों से कोविड मानकों का अनुपालन करने की अपील

हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक ललितचंद्र त्रिवेदी ने शुक्रवार को वेबिनार के माध्यम से आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बिहार, झारखंड, उत्तरप्रदेश और मध्य प्रदेश के पत्रकारों को संबोधित किया। इस दौरान महाप्रबंधक द्वारा कोविड-19 की वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर ट्रेनों एवं स्टेशनों पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए उठाए गए कदमों से अवगत कराया। महाप्रबंधक ने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से हम किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने यात्रियों से कोविड मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने की अपील भी की।
संवाददाताओं को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि कोरोना के दूसरे लहर को देखते हुए देश के अन्य शहरों में रह रहे बिहार-झारखंड राज्य के लोग अपने घर आ रहे हैं। ऐसे में पिछली बार से सबक लेते हुए हमने राज्य सरकार की मदद से इसके लिए पूरी तैयारी की है ताकि किसी भी यात्री को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े। राज्य सरकार से समन्वय स्थापित करके सभी प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग सहित इस संक्रमण के प्रसार की रोकथाम हेतु सभी हरसंभव उपाए किए जा रहे हैं।
महाप्रबंधक ने मुंबई में ट्रेनें उपलब्ध नहीं होने जैसी भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए कहा कि यह बिल्कुल गलत है। हमारे पास पर्याप्त ट्रेनें हैं और आवश्यकतानुसार इसका परिचालन किया जा रहा है। महाप्रबंधक ने कहा कि पहले से लगभग 180 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। यात्रियों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए पहले से चलायी जा रही ट्रेनों के अलावा मुंबई से 17 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इसमें से 14 ट्रेनें पूर्व मध्य रेल के अलग-अलग स्टेशनों तक आएंगी जबकि 03 ट्रेनें पूर्व मध्य रेल के विभिन्न स्टेशनों पर रूकते हुए यहां से गुजरेगी। इसके अलावा मुंबई से विभिन्न स्टेशनों के लिए और 28 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा । इनमें से अधिकांश स्पेशल ट्रेनें पूर्व मध्य रेल के स्टेशनों तक आएंगी जबकि कुछ स्पेशल ट्रेनें पूर्व मध्य रेल के स्टेशनों पर रूकते हुए अपने गंतव्य तक जाएगी। ट्रेनों के प्रस्थान और गंतव्य दोनों स्टेशनों पर समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने बाहर जाने अथवा बाहर से आने वाले यात्रियों से अपील की कि वे रेल यात्रा के संबंध में किसी प्रकार की आशंका ना पालें। महाप्रबंधक ने कहा कि पूर्व मध्य रेल में जितने भी रेलवे अस्पताल हैं वहां कोरोना की वैक्सीन पर्याप्त संख्या में उपलब्ध है और रेलकर्मियों को वैक्सीन दी जा रही है।

