बिहार सरकार अपने स्तर पर कराए जातीय जनगणना, विपक्ष है साथ में : प्रवीण कुशवाहा

पटना। बिहार कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष एवं आल इंडिया कांग्रेस कमिटी के सदस्य प्रवीण सिंह कुशवाहा ने एक बयान जारी कर जातीय जनगणना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्टैंड का समर्थन किया है। कहा कि यदि केंद्र सरकार जातीय जनगणना कराने में आनाकानी करे तो राज्य सरकार अपने स्तर से जातीय जनगणना कराए। भाजपा को छोड़कर सभी दल जातीय जनगणना के पक्ष में हैं, बात चाहे विपक्षी पार्टी की हो या सत्ता पक्ष की। ऐसे में आम आदमी की भावना का कद्र करते हुए जातीय जनगणना कराना चाहिए। जरूरत महसूस हो तो विधानमंडल का विशेष सत्र बुला कर इस संबंध में पुन: एक प्रस्ताव पारित किया जा सकता है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि जातीय जनगणना के मामले में विपक्ष नीतीश कुमार के साथ है। जातीय जनगणना होने के बाद समाज के सभी वर्गों के लिए विकास योजना बनाने में आसानी होगी। ऐसे में भाजपा का विरोध करना समझ के परे है। भाजपा जातिगत जनगणना का विरोध करके आवाम के पीठ में खंजर भोंकने का काम कर रही है। वो अगड़ा-पिछड़ा की राजनीति कर रही है। जबकि जातीय जनगणना से सभी वर्गों का इसमें फायदा है। इसलिए भाजपा को मेरी सलाह है कि वो जाति जनगणना पर विरोध न करें। नाकारात्मक राजनीति करने से परहेज करे।

You may have missed