BIHAR : 23 दिसंबर तक कोल्ड डे का अलर्ट जारी, आम जनजीवन प्रभावित

पटना। बिहार दो दिनों से शीतलहर की चपेट में है। इससे आम जनजीवन प्रभावित है। लोग चौक-चौराहों व घरों में अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने का प्रयास करते दिखे। इस बीच मौसम विभाग ने 23 दिसंबर तक राज्य में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान सूबे के सभी जिलों में तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान जताया गया है।
राजधानी पटना में सोमवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। धूप नहीं निकलने के कारण दिन में भी लोगों को कड़ाके की ठंड सताती रही। मात्र 50 मीटर विजीबिलिटी थी। वहीं दूसरी ओर कोहरे के कारण पटना एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह 10 बजे तक एक भी विमान की लैंडिंग नहीं हो पाई। दर्जन भर विमान अपने नियत समय से लेट रहे, जिसके कारण यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
इस बीच लद्दाख, जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी से उत्तर बिहार में शीतलहर का प्रकोप जारी है। तेज बर्फीली हवा चलने से मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे न्यूनतम तापमान इस सीजन में सबसे नीचे चला गया है। न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री पर पहुंच गया है। बीते चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट आयी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2004 से 2020 के दौरान 17 वर्षों में दूसरी बार न्यूनतम तापमान सबसे निचले स्तर पर पहुंचा है। इससे पहले 2015 में न्यूनतम तापमान सबसे नीचे 4.8 डिग्री पर पहुंच गया था। इसके बाद दूसरी बार वर्ष 2020 में न्यूनतम तापमान सबसे नीचे 6.9 डिग्री पर पहुंचा है।
क्या होता है कोल्ड डे
जब अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम हो और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम हो तो उसे कोल्ड डे कंडीशन कहा जाता है। इस दौरान भयंकर शीतलहर का डर रहता है। आम तौर पर स्थिति को देखते हुए ऐसे इलाकों में अलर्ट या हाई अलर्ट जारी होता है। शीतलहर का प्रभाव ज्यादा समय तक नहीं रहता, लेकिन कोल्ड डे कंडीशन का असर लंबे वक्त तक बना रह सकता है।

About Post Author

You may have missed