BIHAR : रालोसपा ने राजद को सौंपी अपनी दावेदारी वाली सीटों की सूची

पटना। महागठबंधन में सीटों को लेकर चल रही खींचतान अब अंतिम दौर में पहुंचने लगी है। दो दिन पहले राजद से हुई वार्ता के बाद शुक्रवार को रालोसपा नेताओं ने अपनी दावेदारी वाली सीटों का नाम राजद कार्यालय जाकर सौंप दी। बताया जाता है कि प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को सौंपी गई सूची में रालोसपा ने अधिसंख्य सीटों पर उम्मीदवारों के नाम भी दे दिये हैं। हालांकि सीटों की संख्या का खुलासा दोनों दलों में किसी ने नहीं की है। इधर, सूत्रों के अनुसार रालोसपा ने पिछले चुनाव में लड़ी गई अपनी 23 सीटों के अलावा भी लगभग 25 यानि कुल 48 सीटों पर दावेदारी की सूची दी है।
जानकारी के अनुसार, रालोसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश यादव और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाहा शुक्रवार को दूसरी बार राजद कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह से मिले। बैठक में राजद के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी भी थे। रोलासपा नेताओं ने बंद लिफाफे में सीटों और उम्मीदवारों की सूची राजद अध्यक्ष को दी। साथ ही, लगभग आधे घंटे तक चुनावी रणनीति पर भी चर्चा की।
बैठक के बाद बाहर निकल कर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए रालोसपा नेता राजेश यादव ने कहा कि सभी 243 सीटों पर महागठबंधन मजबूती से लड़ेगा। सभी मुद्दों पर सहमति लगभग बन गई है। राजद की ओर से प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि हमलोगों के लिए सीटों की संख्या नहीं जीत मायने रखती है। इसी पर मंथन चल रहा है। महागठबंधन में आॅल इज वेल है, एनडीए फेल है।
बता दें कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पिछले दिनों हुई इन नेताओं से मुलाकात में उन सीटों की सूची रालोसपा से मांगी थी, जिस पर वह अपना उम्मीदवार देना चाहती है। वहीं रालोसपा प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने रांची जाकर लालू प्रसाद से भी मुलाकात की थी। बताया जाता है कि उन्होंने लालू प्रसाद के सामने 45 सीटों की दावेदारी की थी। तब राजद प्रमुख ने उन्हें उम्मीदवारों का नाम बताने का आग्रह किया था। दोनों नेताओं में इस बात पर उसी समय सहमति बन गई थी कि जहां जिसका उम्मीदवार जिताऊ होगा, वहां उसी को टिकट दिया जाएगा। इसी परिपेक्ष्य में शुक्रवार को रालोसपा नेताओं ने सीटों की संख्या के साथ उम्मीदवारों के नाम भी दिये हैं।

About Post Author

You may have missed