BIHAR : अभी तक 21.4 लाख नये राशन कार्ड बने, 24 घंटे में कोरोना के 202 नये मामले
पटना। बिहार के सूचना एवं जनसंपर्क सचिव अनुपम कुमार, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह एवं अपर पुलिस महानिदेशक जितेन्द्र कुमार ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों के संबंध में अद्यतन जानकारी दी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मीडिया के साथ संवाद में अनुपम कुमार ने बताया कि अभी तक 21 लाख 4 हजार नये राशन कार्ड बनाये जा चुके हैं। रोजगार सृजन पर सरकार का विशेष ध्यान है और सभी संबंधित विभाग रोजगार सृजन को लेकर किये जा रहे कार्यों का निरंतर अनुश्रवण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन पीरियड से लेकर अभी तक 4 लाख 66 हजार से अधिक योजनाओं के अंतर्गत लगभग 7 करोड़ 58 लाख से अधिक मानव दिवसों का सृजन किया जा चुका है। मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना के अंतर्गत लॉकडाउन के कारण बाहर फंसे बिहार के 20 लाख 94 हजार 802 लोगों के खाते में प्रति व्यक्ति 1,000 रुपए की सहायता राशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि आज 4 ट्रेनों के माध्यम से 6,600 लोगों का बिहार आगमन संभावित है। कल के लिए 6 ट्रेनें शिड्यूल्ड हैं जिनके माध्यम से 9,900 लोगों के आने की संभावना है।
38 जिलों में कोरोना के 1,963 एक्टिव मामले
वहीं स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि अब तक कुल 1 लाख 51 हजार 148 सैंपल्स की जांच की गयी है और अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 7,380 हो गयी है। कल 5,586 सैंपल्स की जांच की गयी। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 202 नये पॉजिटिव मामले सामने आये हैं। 24 घंटे में 269 लोग स्वस्थ हुए हैं। अब तक कुल 5,367 कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ होकर अपने घर वापस जा चुके हैं जो कुल संक्रमित व्यक्तियों का 72 प्रतिशत है। बिहार के 38 जिलों में कोरोना संक्रमण के 1,963 एक्टिव मामले हैं। 3 मई के बाद बिहार लौटे 4,844 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
23 एफआईआर और 56 लोगों की हुई गिरफ्तारियां
अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय जितेन्द्र कुमार ने बताया कि 1 जून से अब तक कुल 23 एफआईआर दर्ज की गयी हैं और 56 लोगों की गिरफ्तारियां हुई हैं। इस दौरान 16,669 वाहन जब्त किये गये हैं। इससे कुल 4 करोड़ 17 लाख 16 हजार 160 रुपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गयी है। पिछले 24 घंटे में अवरोध पैदा करने के दौरान 01 एफआईआर दर्ज की गयी हैं और 01 व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है। 576 वाहनों को जब्त किया गया है और 15 लाख 22 हजार 200 रुपए जुर्माने के रूप में वसूल किये गये हैं।


