बेगूसराय में हुई लूट की बड़ी वारदात, ज्वेलरी दुकान में मालिक के हाथ-पैर बांध 20 लाख तक के गहने लूट भागे अपराधी
बिहार। बेगूसराय में आभूषण दुकान में भीषण डकैती हुई है। डकैतों ने बछवाड़ा बाजार स्थित राज लक्ष्मी ज्वेलर्स को निशाना बनाया है। करीब एक महीने के अंदर दूसरी बार जिले में डकैतों ने आभूषण व्यवसायी को निशाना बनाया है। यह घटना शुक्रवार की देर रात हुई है। हथियारों से लैस बदमाशों ने रात करीब 2:00 बजे राज लक्ष्मी ज्वेलर्स का पिछला दरवाजा तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया। डकैतों ने दुकान के अंदर सोए मालिक श्याम प्रसाद दास के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिया फिर उसके बाद लॉकर काटकर करीब 20 लाख से ऊपर के आभूषणों की डकैती कर ली।

इस मामले पर दुकान मालिक श्याम प्रसाद दास ने बताया कि पांच की संख्या में हथियारों से लैस बदमाश पिछले दरवाजे से दुकान में प्रवेश कर घटना को अंजाम दिया। लूटपाट के बाद सभी बदमाश दुकान के पिछले दरवाजे से निकल गए। इस बीच करीब एक घंटे तक सभी बदमाश दुकान के अंदर मौजूद रहकर घटना को अंजाम देते रहे। घटना की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष अजीत कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गए। हालांकि अभी कुछ पता नहीं चला है कि वो बदमाश कौन थे और कहां से आये थे। मिली जानकारी के अनुसार पिस्टल लहराते हुए सभी पांच बदमाश दुकान के पिछले दरवाजे से भाग गए। घटना के बाद दुकानदार श्याम प्रसाद पास-पड़ोस के लोगों को खुद को बंधे होने की सूचना दी।
बेगूसराय में डकैती की घटना बढ़ते ही जा रही है। करीब एक महीने के अंदर दूसरी बार जिले में डकैतों ने आभूषण व्यवसायी को निशाना बनाया है। इससे पहले बीते पांच दिसंबर को आधा दर्जन डकैतों ने मुख्य बाजार के मियांचक निवासी व्यवसायी कपिलेश्वर मंडल के घर भीषण डकैती की थी। डकैतों ने व्यवसायी पुत्र को चाकू मार कर घायल कर दिया और फिर घर के सभी लोगों के मुंह पर टेप चिपका कर हाथ-पैर बांध कर 70 किलो चांदी समेत सोने के जेवरात लूट लिया था।

