BIG BREAKING : पटना नगर निगम में सफाईकर्मियों की जारी हड़ताल खत्म नहीं, स्थगित हुई
पटना। पटन नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल स्थगित हो गई है। पटना नगर निगम के 4300 चतुर्थवर्गीय कर्मियों के पिछले छह दिनों से जारी हड़ताल के कारण पटनावासी नारकीय जीवन जीने को विवश थे। राजधानी की सड़कें कूड़ा-कचरा से अटा पड़ा था। कई लोग तो पटना नगर निगम को पटना नरक निगम के नाम से संबाधित करने लगे थे। सड़ांध मारते कचरा के बीच लोग जीवन काट रहे थे। वहीं बिहार सरकार उनकी मांगों को मानने को तैयार नहीं थी। लेकिन पटना नगर निगम में सफाईकर्मियों की हड़ताल शनिवार को छठे दिन जाकर टूटी। समझौता होने के बाद शनिवार की शाम हड़ताल स्थगित की गई। वहीं हड़ताल खत्म होने की घोषणा पटना की मेयर सीता साहू ने की। जबकि पटना नगर निगम के चतुर्थवर्गीय कर्मचारी संघ के नेता नंदकिशोर दास ने अमृतवर्षा न्यूज डॉट इन को मोबाइल पर बताया कि हड़ताल समाप्त नहीं हुई है, बल्कि स्थगित की गई है। इसकी घोषणा हड़ताली सफाई कर्मियों के बीच यूनियन करेगी। उन्होंने बताया कि आगे की रणनीति की बाद में जानकारी दी जाएगी। मौके पर नगर विकास विभाग के सचिव आनंद किशोर, नगर आयुक्त अमित कुमार पांडेय समेत अनेक अधिकारी व सभी यूनियन के नेता मौजूद रहे।


बता दें कि पटना नगर निगम में सफाईकर्मियों की बीते तीन फरवरी से हड़ताल जारी थी। वे लोग दैनिक कर्मचारियों की छंटनी और आउट सोर्सिंग का विरोध कर रहे थे। सफाईकर्मियों की हड़ताल की वजह से पूरे शहर में कूड़ा-कचरा का अंबार लग गया था। लोग बिमारियों को लेकर खौफजदा थे। बता दें हड़ताली कर्मियों ने शुक्रवार को नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा के आवास के सामने मृत कुत्ते को जबकि स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के आवास के निकट कूड़े-कचरे को फेंक गया था। पटना सिटी में तो सड़क पर नाले का पानी बहने लगा था।

