‘द केरला स्टोरी’ फिल्म पर बागेश्वर बाबा का बड़ा बयान, बोले- फिल्म देखो और सोए हुए हिंदू जागो

मध्य प्रदेश। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की फिल्म द केरला स्टोरी को लेकर पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि यह सत्य घटना पर आधारित फिल्म है। जब तक लोग यह नहीं समझेंगे कि सनातन क्या है? हिंदू क्या है? तब तक ऐसी घटनाएं घटती रहेंगी। इसलिए विशेष कर महिलाओं को इसके बारे में समझना चाहिए। इस फिल्म के बारे में जानना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरे मजहब और पंथ के व्यक्ति पर उतना ही भरोसा करना चाहिए, जितना हमको समुद्र में डाले हुए सिक्के मिलने का भरोसा है। मध्य प्रदेश के सागर के जैसीनगर में तीन दिवसीय हनुमंत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के दूसरे दिन प्रश्नोत्तरी रखी गई थी जिसमें जैसीनगर के एक युवक ने सवाल पूछा कि ‘द केरला स्टोरी’ में तीन लड़कियों का मजहब बदलवाया दिखाया गया है, इसको लेकर आपका क्या कहना है। वही इस पर जवाब देते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि द केरला स्टोरी फिल्म सत्य घटना पर आधारित है। यह देश की वर्तमान परिस्थिति है और हम सब हिंदू सोए हुए हैं। लोग समझ नहीं पा रहे हैं, और मुझे कहते हैं कि आप भड़काऊ बयान देते हैं। हमारी बातें भड़काऊ नहीं हैं, बल्कि हिंदुओं को जगाने के लिए हैं। जो हुआ है, वही इस फिल्म में दिखाया गया है। सभी हिंदुओं का यह दुर्भाग्य है कि जब तक भारत के प्रत्येक मंदिर हिंदुओं को शिक्षा नहीं देंगे कि सनातन क्या है? हिंदू क्या है? तब तक ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। बागेश्वर धाम ने कहा कि इस फिल्म से समझ जाना चाहिए कि हमको जगना है, हमारी बहनों को तो खास कर यह जान लेना चाहिए। उन्होंने एक श्लोक के माध्यम से समझाते हुए कहा कि गीता में भगवान श्री कृष्ण अर्जुन से कहते हैं, दूसरे धर्म का विचार करने से अच्छा, अपने धर्म में मरना ठीक है। इसलिए दूसरे मजहब और पंथ के व्यक्ति पर उतना ही भरोसा करना चाहिए, जितना हमको समुद्र में डाले हुए सिक्के मिलने का भरोसा है।